होशंगाबाद से भागी लुटेरी दुल्हन जबलपुर में गिरफ्तार

पुलिस ने लुटेरी दुल्हन गैंग का किया खुलासा, युवकों से शादी करके गहने और जेवर लेकर हो जाती थी फरार, गैंग के 3 सदस्य भी धराए, छत्तीसगढ़ में भी कर चुकी है नकली शादी

Updated: Jul 01, 2021, 06:28 AM IST

Photo Courtesy: Patrika
Photo Courtesy: Patrika

जबलपुर। होशंगाबाद में युवक से शादी रचाकर उसके घर से लाखों के गहने और कैश चोरी करने वाली दुल्हन को पुलिस ने जबलपुर से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने लुटेरी दुल्हन गैंग के तीन सदस्यों को भी पकड़ा है। इस गैंग के सदस्य लोगों को अपनी बातों में फंसाकर शादी का झांसा देते थे और जब रिश्ता हो जाता था, तो शादी के बाद किसी ना किसी बहाने से घर से सारे गहने और रुपए लेकर फरार हो जाते थे। अब पुलिस ने इस गैंग का खुलासा कर दिया है।  

जबलपुर से गिरफ्तार लुटेरी दुल्हन ने मई में पिपरिया निवासी एक शख्स से शादी की और फिर तीन दिन बाद उसके घर से कीमती सामान और कैश लेकर रफू चक्कर हो गई। पुलिस का कहना है कि इस लुटेरी दुल्हन का असली नाम सीता है। जो की एक दस साल की बच्ची की मां है। सीता ने पिपरिया निवासी एक युवक से 15 मई को शादी की थी। रामनारायण रघुवंशी से शादी के दौरान उसने अपना नाम रीना तिवारी बताया था। दोनों की शादी मंदिर में हुई थी। घर पहुंचने पर इस लुटेरी दुल्हन ने तबीयत खराब होने का बहाना बनाया और दो-तीन दिन दूसरे कमरे में रही। फिर एक दिन उसने घर का सारा कीमती सामान सोने चांदी के गहने और कैश लेकर भाग गई। अगले दिन जब घर का सारा सामान और दुल्हन घर में नहीं मिली तब रामनारायण ने मामले की शिकायत पुलिस में की।   पुलिस ने जांच में पाया की आरोपी रीना ऊर्फ सीता जबलपुर में है।

 होशंगाबाद पुलिस ने इस लुटेरी दुल्हन को उसके तीन साथियों के साथ जबलपुर से गिरफ्तार किया है। इस लुटेरी दुल्हन ने स्वीकार किया है कि उसने मध्यप्रदेश की ही तरह छत्तीसगढ़ में भी शादी के नाम पर लोगों को लूटा है। पुलिस ने लुटेरी दुल्हन गैंग के तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान ओमप्रकाश किरार, ज्योति उर्फ पूजा और आकाश के रुप में हुई है। ये लोग लड़की के रिश्तेदार बनकर उन युवकों को अपना शिकार बनाते थे जिनकी शादियां नहीं हो पा रही होती थी। तीनों दुल्हन के नकली रिश्तेदार बनकर शादी करवाते थे। इस लुटेरी दुल्हन गैंग ने पिपरिया निवासी रामनारायण से शादी की तैयारी के नाम पर 60 हजार रुपए वसूले थे।  

 

पुलिस ने लुटेरी दुल्हन और उसके तीनों साथियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के पास से 22 हज़ार रुपये, सोने का मंगलसूत्र और चांदी की मोटी पायजेब समेत अन्य सामान मिला है।आरोपियों ने पुलिस पूछताछ में बताया है कि उन्होंने क्राइम पेट्रोल देखकर लूट का प्लान बनाया था। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रीना जो की कभी काजल चौधरी तो कभी सीता के नाम से लोगों को ठगती थी। 27 वर्षीय महिला कटनी की रहने वाली थी। उसके अन्य साथी जबलपुर के रहने वाले थे। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस गैंग ने और कितने लोगों को लूटा है।