भिंड में 150 साल पुरानी जेल की बिल्डिंग गिरी, 22 कैदी गंभीर रूप से घायल, 8 की हालत नाजुक

मध्य प्रदेश के भिंड में अंग्रेजों के जमाने में बनी जेल की बैरक नंबर 2 और 7 भरभराकर गिर गई, इस हादसे में करीब दो दर्जन कैदी घायल हुए हैं, इनमें करीब 8 लोगों की स्थिति नाजुक बताई जा रही है

Updated: Jul 31, 2021, 05:18 AM IST

Photo Courtesy: Patrika
Photo Courtesy: Patrika

भिंड। मध्य प्रदेश के भिंड में आज सुबह एक बड़ा हादसा हो गया है। यहां अंग्रेजों के जमाने में 150 साल पहले बनी जेल की दीवारें भरभराकर गिर गई। इस हादसे के बाद जेल के भीतर हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि इस हादसे के दौरान जेल के भीतर सो रहे 22 कैदी घायल हो गए। इनमें से 8 की हालत नाजुक बताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक यह हादसा करीब 5 बजकर 15 मिनट के आसपास हुआ। यहां एक सिपाही ने बैरक नंबर 7 का प्लास्टर गिरते देखा। सिपाही ने इस बात की सूचना अधिकारियों को दी। इसके बाद वह जैसे ही बैरक को खोलने लगा कि बैरक नंबर 7 पूरी तरह ध्वस्त हो गया। इसके बाद बैरक नंबर 2 की दीवारें भी गिर गईं। दीवार गिरने से जेल के भीतर सो रहे 22 कैदी मलबे के नीचे दब गए। 

बताया जा रहा है कि इस हादसे में 8 कैदी गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें ग्वालियर रेफर कर दिया गया है। शेष घायलों को जिला अस्पताल के स्पेशल वार्ड में भर्ती कराया गया है। वहीं हादसे के तत्काल बाद अन्य कैदियों को आनन-फानन में बैरक नंबर 8 में शिफ्ट किया गया। जेल प्रशासन के मुताबिक हादसे के वक़्त बैरक नंबर 7 में कुल 64 कैदी बंद थे, जबकि जेल में कुल 255 कैदी हैं। 

जेल की दीवार ढहने की वजह बारिश बताया जा रहा है। हालांकि, 150 साल पुराना ये जेल काफी जर्जर भी हो चुका है। राज्य सरकार द्वारा साल 2008 से ही जिला मुख्यालय से करीब 3 किलोमीटर दूर नई जेल का निर्माण कराया जा रहा है। पिछले साल नई जेल का निर्माण पूरा होने के बावजूद कैदियों को वहां शिफ्ट नहीं किया गया। ऐसे में इस घटना के लिए प्रशासनिक लापरवाही को भी जिम्मेदार माना जा रहा है।