IPS सुधीर सक्सेना आज से संभालेंगे MP पुलिस की कमान, शाम को DGP विवेक जौहरी का विदाई समारोह

मध्य प्रदेश के डीजीपी विवेक जौहरी आज रिटायर हो जाएंगे, मोती लाल स्टेडियम में आज शाम एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया है, 1987 बैच के IPS सुधीर सक्सेना के DGP बनने के आदेश जारी

Updated: Mar 04, 2022, 07:08 AM IST

भोपाल। 1987 बैच के आईपीएस अधिकारी सुधीर सक्सेना मध्य प्रदेश के नए डीजीपी होंगे। सक्सेना के डीजीपी बनने का आदेश शुक्रवार को जारी हो गया है। आज ही डीजीपी विवेक जौहरी रिटायर हो रहे हैं। इस मौके पर मोती लाल नेहरू स्टेडियम में आज शाम एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। कार्यक्रम में जौहरी की विदाई के बाद सक्सेना पुलिस मुख्यालय आकर पदभार ग्रहण करेंगे।

रिपोर्ट्स के मुताबिक डीजीपी विवेक जौहरी को दो साल के कार्यकाल के बाद धूमधाम के साथ आज विदाई दी जाएगी। इस कार्यक्रम में मध्य प्रदेश पुलिस के तमाम बड़े अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। पुलिस मुख्यालय के पास ही स्थित मोती लाल नेहरू स्टेडियम में शुक्रवार साढ़े चार बजे एक कार्यक्रम रखा गया है। यहां DGP विवेक जौहरी परेड को सलामी देंगे और अपने अधीनस्थ अफसरों को संबोधित करेंगे।

यह भी पढ़ें: बालाघाट: पूर्व जिला पंचायत सदस्य डाली दमाहे की मौत, बजरंग दल के कार्यकर्ताओं पर हमले का आरोप

संबोधन के उपरांत विवेक जौहरी खुली जिप्सी में सवार होंगे और पुलिसकर्मी उसे खींचकर स्वागत द्वार तक लाकर भावभीनी विदाई देंगे।इसके बाद शाम को नवागत पुलिस महानिदेशक सुधीर सक्सेना पुलिस मुख्यालय में पदभार ग्रहण करेंगे। दरअसल, लंबे समय से जौहरी के स्थान पर नए पुलिस मुखिया की तलाश चल रही थी। काफी सोच विचार करने के बाद राज्य सरकार ने IPS सुधीर सक्सेना के नाम को हरी झंडी दी है। सक्सेना का नवंबर 2024 में रिटायरमेंट है और उन्हें डीजीपी के रूप में करीब ढाई साल का समय मिलेगा। ऐसे में स्पष्ट है कि उनके कार्यकाल में ही 2023 विधानसभा और 2024 लोकसभा चुनाव होंगे। 

कौन हैं IPS सुधीर सक्सेना

सुधीर कुमार सक्सेना मध्य प्रदेश में IG इंटेलिजेंस जैसे महत्वपूर्ण पद पर कार्य कर चुके हैं। मध्य प्रदेश में इन्होंने रायगढ़, छिंदवाड़ा, रतलाम, जबलपुर में एसपी पद पर भी अपनी सेवा दे चुके हैं। उसके बाद साल इनका तबादला भोपाल स्थित पुलिस मुख्यालय में किया गया, जहां उन्हें डीआईजी बनाया गया। इसके बाद केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के दौरान साल 2002 के दौरान सीबीआई में उनकी नियुक्ति हो गई।

सक्सेना ने सीआईएसएफ में  22 जून 2018 को अतिरिक्त निदेशक के तौर पर जॉइन किया था, उसके बाद 24 दिसंबर 2020  में ये CISF में ही स्पेशल निदेशक बने। बीते साल मई में जब तत्कालीन CISF के डीजी सुबोध कुमार जायसवाल को CBI डायरेक्टर नियुक्त किया गया था तब कुछ समय के लिए सक्सेना को ही CISF डीजी का अतिरिक्त प्रभार दिया गया था।