मध्य प्रदेश को 55 दिन में मिलेगी नई सरकार, आदर्श आचार संहिता लागू, CM के सारे प्रोग्राम कैंसिल

निर्वाचन आयोग ने एमपी में चुनाव की तारीखों की घोषणा कर दी है। इसके साथ ही पूरे प्रदेश में आचार संहिता लागू हो गया है। आचार संहिता लागू होते ही प्रशासन ने सार्वजनिक स्थानों से होर्डिंग-बैनर हटवाने शुरू कर दिए हैं।

Updated: Oct 10, 2023, 02:08 AM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव तारीखों का ऐलान हो गया है। प्रदेश की सभी 230 सीटों को अगले महीने 17 तारिख को मतदान होगा। यानी इस बार दिवाली के पांच दिन बाद प्रदेश में वोटिंग होगी। वहीं, इसके 16 दिन बाद 3 दिसंबर को चुनाव के नतीजे आएंगे। ऐसे में आज से 55 दिन बाद प्रदेश को नई सरकार मिल जाएगी।

मध्य प्रदेश में चुनाव की तारीखों के ऐलान के साथ ही प्रदेश में चुनावी आचार संहिता लागू हो गई है। आचार संहिता लागू होते ही प्रशासन ने सार्वजनिक स्थानों से होर्डिंग-बैनर हटवाने शुरू कर दिए हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के सोमवार को सिहोरा और बरगी विधानसभा में होने वाले कार्यक्रम रद्द हो गए हैं। सिहोरा के बघराजी में महिला महा सम्मेलन और बरगी में आदिवासी सम्मेलन होना था। सभी तैयारियां पूरी हो चुकी थीं। इलेक्शन कमीशन ने मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव कार्यक्रम की घोषणा कर दी है। प्रदेश में आचार संहिता भी आज से लागू हो चुकी है। इस कारण CM के कार्यक्रम कैंसिल करना पड़े हैं।

यह भी पढ़ें: भरोसा बरकरार, फिर से कांग्रेस सरकार, चुनाव तारीखों के ऐलान पर बोले सीएम भूपेश बघेल

मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर पूछे जाने पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने कहा कि हम 101 फीसदी मध्य प्रदेश का चुनाव जीतेंगे। दरअसल, सिंह कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में शामिल होने दिल्ली पहुंचे हैं। इस दौरान उन्होंने लद्दाख और कारगिल काउंसिल इलेक्शन में मिली जीत को लेकर कहा कि कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक राहुल गांधी की हवा है।

मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव का शेड्यूल देखें तो इसी महीने 21 अक्टूबर को चुनाव नोटिफिकेशन जारी होगा। वहीं, 30 अक्टूबर तक उम्मीदवार अपना नामांकन दाखिल कर सकेंगे। नामांकन की जांच 31 अक्टूबर को होगी और 2 नवंबर नाम वापसी की आखिरी तारीख है। इसके बाद 17 नवंबर को एक ही साथ सभी 230 सीटों पर मतदान होंगे। 

चुनाव को लेकर मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार ने बताया कि मध्य प्रदेश में 148 सामान्य, 35 एससी और 47 सीटें एसटी के लिए हैं। इसके साथ ही प्रदेश में 5.6 करोड़ वोटर्स हैं। इनमें 2.85 करोड़ पुरुष वोटर और 2.67 करोड़ महिला वोटर हैं। साथ ही प्रदेश में 60 लाख नए वोटर्स इस बार शामिल हो रहे हैं। ये सभी 18 प्लस के हैं।

यह भी पढ़ें: दिल्ली में कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक संपन्न, खड़गे बोले- पांच राज्यों में चुनाव जीतने पूरी ताकत झोंक देंगे

चुनाव के मद्देनजर में 84, 523 पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं। शहरी श्रेत्र में 16763 और ग्रामीण क्षेत्र में 47760 हैं। इसके साथ ही 15000 मॉडल बूथ बनाए गए हैं। 35000 पोलिंग स्टेशन पर वेब कास्टिंग की सुविधा है। वहीं, प्रदेश में 5000 पोलिंग बूथों को महिलाएं मैनेज करेंगी। बुजुर्ग वोटर्स अपने घर से वोट दे सकते हैं। उन्हें इसके लिए 12 डी फॉर्म भरना होगा। इसके साथ ही इस बार बफर जोन में भी पोलिंग स्टेशन बनाए जा रहे हैं। एमपी में पिपरिया और मंडला में ऐसे केंद्र बनाए गए हैं। मुख्य चुनाव आयुक्त ने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि अगर हमने इतनी मेहनत की है तो आप भी वोट देने जरूर आएं।