जो विकास यात्रा हमने 1970 में शुरू की थी उसे कायम रखें, राघौगढ़ के मतदाताओं से दिग्विजय सिंह की भावनात्मक अपील

20 जनवरी को राघौगढ़ में होने वाला है नगर पालिका का चुनाव, पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने अपने गृहनगर के मतदाताओं से की अपील, कांग्रेस के पक्ष में करें मतदान

Updated: Jan 17, 2023, 02:31 PM IST

राघोगढ़। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने अपने गृहनगर राघौगढ़ के मतदाताओं से नगर पालिका चुनाव में कांग्रेस के पक्ष में मतदान करने की अपील की है। राघौगढ़ के मतदाताओं के नाम एक हस्तलिखित पत्र में सिंह ने लिखा है कि जो विकास यात्रा हमने 1970 में शुरू की थी उसे कायम रखें। 

राघौगढ़ नगरवासियों को संबोधित पत्र में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने लिखा है कि, 'पिछले नगरपालिका चुनाव में, मैं नर्मदा परिक्रमा कर रहा था और उस समय भी आपने कांग्रेस को 24 में से 20 वार्डों में विजय दिलाई थी। अब संयोग से इस बार भी मैं कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा में व्यस्त हूं और इसलिए आपके बीच नहीं आ पाऊंगा।'

यह भी पढ़ें: वरुण को गले लगा सकता हूं, लेकिन उनकी विचारधारा नहीं अपना सकता: होशियारपुर में बोले राहुल गांधी

सिंह ने आगे लिखा कि, 'मेरी आपसे विनम्र प्रार्थना है कि पिछले 5 साल में नगर पालिका ने अनेक विकास के कार्य किए जिनमें से रुठियाई की पुरानी एबी रोड का निर्माण, साडा रोड का चौड़ीकरण, नया बाईपास का निर्माण, 120 करोड़ की नल जल योजना रुठियाई क्षेत्र में प्रारंभ हो गई और दो-तीन महीनों में राघौगढ़ में प्रारंभ हो जाएगी और हर घर को 24 घंटे पानी मिलेगा। ऐसी योजना शायद किसी और नगरपालिका में उपलब्ध नहीं होगी। 

सिंह ने आगे लिखा कि, 'लगभग सभी समाजों के सामुदायिक भवन या उनकी संपत्तियां हों, उनको भी हमने सहयोग दिया है। यदि कोई समाज छूट गए हैं तो उनको भी अगले 5 वर्षों में पूरा सहयोग किया जाएगा। मेरा आप सब से अनुरोध है कि दिनांक 20 जनवरी 2023 को होने वाले नगर पालिका राघौगढ़ के चुनाव में 24 वार्डों में कांग्रेस के सभी उम्मीदवारों को भारी बहुमत से विजयी बनाएं।'

सिंह ने भावनात्मक अपील करते हुए लिखा कि, 'जो विकास की यात्रा हमने 1970 में प्रारंभ की थी इसे कायम रखें। तब राघौगढ़ क्या था और अब क्या है? आप अपने बुजुर्गों से पूछ लें। यह तब संभव हुआ है जब राघौगढ़ की जनता व मतदाताओं ने हमें सहयोग दिया है। मुझे पूरा विश्वास है कि आप आने वाले 5 वर्षों में भी इसी प्रकार का समर्थन देते हुए राघौगढ़ के विकास रथ को आगे ले जाते रहेंगे।'

यह भी पढ़ें: MP यूथ कांग्रेस में बड़ी प्रशासनिक सर्जरी, प्रदेश अध्यक्ष डॉ भूरिया ने 23 निष्क्रिय पदाधिकारियों को किया बर्खास्त

बता दें कि राघौगढ़ नगर पालिका में आगामी 20 जनवरी को चुनाव होने हैं। राघौगढ़ दिग्विजय सिंह का गढ़ रहा है। यहां कांग्रेस पिछले 52 वर्षों से चुनाव जीत रही है।दिग्विजय सिंह ने भी राघौगढ़ नगर पालिका से ही अपने सियासी सफर की शुरुआत की थी। साल 2018 में जब यहां चुनाव हुए थे तब कांग्रेस के 20 पार्षद चुनाव जीतकर आए थे, जबकि बीजेपी 4 सीटों पर सिमटकर रह गई थी। भाजपा की ओर से इस चुनाव में स्वयं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर और वरिष्‍ठ नेता प्रभात झा जैसे दिग्गजों ने प्रचार किया था। बावजूद लोगों ने दिग्विजय सिंह और कांग्रेस पार्टी पर भरोसा जताया।