MP Tourism Corporation : वेतन में 40 फीसदी तक कटौती

Corona Effect in MP : आउटसोर्स कर्मचारियों को भी किया जाएगा 50 फीसदी भुगतान

Publish: Jul 19, 2020, 02:55 AM IST

भोपाल : कोरोना संक्रमण और लॉकडाउन के दौरान पर्यटन उद्योग में आई मंदी का असर अब कर्मचारियों के वेतन पर भी पड़ने लगा है। पर्यटन निगम ने कर्मचारियों के वेतन में 15 से 40 प्रतिशत तक कि कटौती करने का फैसला लिया है। बीते दिनों पर्यटन निगम के संचालन मंडल की बैठक में यह फैसला लिया गया है। यह कटौती निगम के नियमित कर्मचारियों के वेतन पर जुलाई महीने से लागू होगी जो 1 जुलाई से लेकर 31 मार्च तक जारी रहेगी। वहीं आउटसोर्स कर्मचारियों को भी 50 फीसदी भुगतान किया ही जाएगा। इसका सीधा असर निगम के 2200 कर्मचारियों पर पड़ेगा। 

पर्यटन निगम की प्रबंध संचालक सोनिया मीना ने आदेश जारी कर बताया है कि पर्यटन निगम में आउटसोर्स कर्मचारियाें से महीने में 15 दिन ही काम लिया जाएगा और 15 दिन का ही भुगतान किया जाएगा। इस तरह उन्हें 50% वेतन ही मिल पाएगा। बता दें कि निगम में 1700 से ज्यादा आउटसोर्स कर्मचारी हैं जिनमें 50 की सेवाएं भी समाप्त की गई हैं। वहीं निगम के नियमित कर्मचारियों के वेतन से 31 मार्च तक काटी गई राशि का भुगतान कर्मचारियों को वर्ष 2021-22 में 12 किस्तों में किया जाएगा लेकिन उन्हें कोई ब्याज की राशि नहीं मिलेगी। इसका असर निगम के 500 नियमित कर्मचारियों पर पड़ेगा। 

निगम प्रबंधन का तर्क है कि सोशल डिस्टेंसिंग के कारण शादी, पार्टी, कॉन्फ्रेंस, पैकेज टूर आदि कार्यक्रमों पर प्रतिबंध है या 50 फीसदी क्षमता के साथ चालू है। निगम ने सरकार से वित्तीय सहायता के लिए मार्गदर्शन मांगा है वहीं बैंकों से सहायता लेने पर भी विचार कर रहा है। निगम की एमडी सोनिया मीना ने कहा है कि, 'कर्मचारियों का अहित नहीं होगा और उनका पूरा भुगतान होगा। व्यवसाय सुचारू रूप से चलने के बाद आउटसोर्स कर्मचारियों का भी ध्यान रखा जाएगा।'