Corona Update : ग्वालियर में 100 भोपाल में 83 नए केस

प्रदेश में लगातार बढ़ते कोरोना मरीजों की संख्या को देखते हुए बढ़ी टोटल लाकडाउन की मांग

Publish: Jul 14, 2020, 01:47 AM IST

भोपाल। पिछले 24 घंटे में मध्यप्रदेश में 595 नए मरीज मिले हैं। सबसे अधिक ग्वालियर में 100 मरीज मिले हैं। पिछले 24 घंटे में प्रदेश में कोरोना से 14 लोगों की मौत हुई है। लगातार बढ़ते मरीजों की संख्या में मद्देनजर भोपाल,इंदौर में लॉकडाउन बढ़ाने के सुझाव मिले हैं। इन पर फैसला आगामी दिनों में हो सकता है।

सोमवार को राजधानी में 83 नए मरीज मिले हैं। वहीं 51 मरीजों को अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया है। भोपाल के पॉश इलाके अरेरा कालोनी से 4 मरीज मिले हैं। जजेस कालोनी ईदगाह हिल्स से 1, नगर निगम कॉलोनी से पुल बोगदा से 5, कोटरा सुल्तानाबाद से 4, 25वीं बटालियन का एक जवान कोरोना संक्रमित मिला है। पलक होटल रायसेन से 3 , नीलबड़ चौराहा पेट्रोल पंप इलाके से एक, सुबेदार कॉलोनी टीला जमालपुरा से 2, पुतलीघर से 2, बुधवारा से 2, बैसरिया से 2 जिसके बाद भोपाल में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 3673 हो गया है, वहीं कुल 1829 एक्टिव मरीज हैं।

रविवार को भोपाल में सबसे ज्यादा 102 मरीज मिले थे। जिसके बाद एक बार फिर टोटल लॉकडाउन करने को लेकर मंथन शुरू हो रहा है। भोपाल के इब्राहीमगंज में 19 जुलाई तक टोटल लॉकडाउन है। इलाके की सड़कों पर नगर निगम ने सैनिटाइजेशन किया। रविवार को टोटल लॉकडाउन के मद्देनजर पुलिस ने सख्ती बरती इस दौरान लॉकडाउन आदेश उल्लंघन के 83 मामले दर्ज हुए। पुलिस ने 91 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

ग्वालियर चंबल संभाग में कोरोना संक्रमितों की संख्या हर दिन बड़ी संख्या में बढ़ रही हैं। रविवार को ग्वालियर में 100 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। ग्वालियर जिले में पहली बार एक साथ इतनी बड़ी संख्या में कोरोना संक्रमित मिले हैं। ग्वालियर चंबल संभाग में 2600 से अधिक केस सामने हो चुके हैं,जबकि 16 लोगों की मौत हो चुकी है। मुरैना में 942 और भिंड में 337 मरीज हैं।

इंदौर में 92 नए मरीज मिले हैं वहीं 5 लोगों की मौत हो गई है। जिसके बाद कुल कोरोना मरीजों की संख्या 5352 हो गई। वही इसी शहर में कोरोना से मरने वालों की 269 संख्या हो गई। जिला प्रशासन हर संभव प्रयास के बाद भी यहां मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। जिला प्रशासन ने कोरोना से बचने के लिए लोगों को अपने घर में रहने की अपील की है। इंदौर में फिलहाल कुल एक्टिव के 1066 है।

रीवा में कोरोना के 14 नए मरीज मिले जिसके बाद कुल मरीजों की संख्या 85 हो गई है। हरदा में 12 कुल मरीज 76 हो गए हैं, वहीं विदिशा में 13 मरीज मिलने के बाद कुल मरीजों की संख्या 92 हो गई है।