MP Election 2023: चुनाव आयोग में दर्ज हुईं 700 से अधिक शिकायतें, 300 से अधिक अब भी पेंडिग

आचार संहिता लगने के बाद से पिछले 33 दिन में 700 से अधिक शिकायतें चुनाव आयोग तक पहुंची। यानी हर दिन औसतन 21 से ज्यादा शिकायतें की जा रही है।

Updated: Nov 11, 2023, 11:59 AM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान में सिर्फ 6 दिन बचे हैं। चुनाव को लेकर सियासी खींचतान के बीच पिछले 33 दिनों में 700 से अधिक शिकायतें चुनाव आयोग में दर्ज हुई है। इनमें से 300 से अधिक शिकायत अभी भी पेंडिंग है।

राजनीतिक दलों ने चुनाव प्रचार अभियान में जहां अपनी पूरी ताकत झोंक दी, वहीं एक-दूसरे की खामियों पर भी नजर रखी गई। खासकर बीजेपी और कांग्रेस के नेता एक-दूसरे की गतिविधियों पर नजर रख रहे हैं। जरा सी गलती या खामी नजर आने पर सीधा चुनाव आयोग में शिकायत की जा रही है। 

इसी कड़ी में आचार संहिता लगने के बाद से पिछले 33 दिन में 700 से अधिक शिकायतें चुनाव आयोग तक पहुंची। यानी हर दिन औसतन 21 से ज्यादा शिकायतें की जा रही है। शिकायत करने में सबसे आगे कांग्रेस है। कांग्रेस नेताओं द्वारा 400 से अधिक मामलों की शिकायत की गई है। जबकि आयोग में भाजपा ने भी 33 दिनों के अंदर 140 शिकायतें दर्ज कराई। 

हालांकि भाजपा का दावा है कि प्रदेश भर में पुलिस थाने और प्रशासन में कांग्रेस के खिलाफ 1000 से अधिक शिकायतें दर्ज हुईं हैं। बहरहाल, चुनाव आयोग ने प्रदेश में निष्पक्ष और विवाद रहित चुनाव कराने के लिए कई अहम कदम उठाएं है। शिकायतों पर यथासंभव एक्शन भी लिया जा रहा है। हालांकि, कई मामलों में ये भी देखा गया कि भाजपा प्रत्याशियों द्वारा आचार संहिता का खुला उल्लंघन करने के बावजूद कोई सख्त कार्रवाई नहीं की गई।