MP Election: BJP में शामिल हुईं कांग्रेस की पूर्व MLA सविता दीवान, पार्टी पर लगाए उपेक्षा के आरोप

पूर्व विधायक सविता दीवान सोहागपुर से टिकट की मांग कर रहीं थीं, कांग्रेस ने यहां से पुष्पराज पटेल को टिकट दिया है। इसी बात से नाराज होकर उन्होंने भाजपा ज्वाइन कर लिया।

Updated: Oct 27, 2023, 09:59 AM IST

नर्मदापुरम। विधानसभा चुनाव से पहले मध्य प्रदेश में दल बदल का दौर लगातार जारी है। टिकट कटने से नाराज दावेदार तेजी से पाला बदल रहे हैं। इसी क्रम में कांग्रेस की पूर्व विधायक सविता दीवान ने भाजपा का दामन थाम लिया। केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने गुरुवार को उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई।

दरअसल, पूर्व विधायक सविता दीवान सोहागपुर से टिकट की मांग कर रहीं थीं। कांग्रेस ने यहां से जिलाध्यक्ष पुष्पराज पटेल को टिकट दिया है। इसी बात से नाराज होकर उन्होंने भाजपा ज्वाइन कर लिया। पुष्पराज पटेल व सविता दीवान शर्मा के बीच पिछले कई सालों से मनमुटाव चला आ रहा था। BJP में शामिल होते ही सविता दीवान कांग्रेस पर जमकर बरसीं। 

यह भी पढ़ें: MP Election 2023: पीएम मोदी आज चित्रकूट में करेंगे अस्पताल का उद्घाटन, कल से तीन दिवसीय MP दौरे पर रहेंगे अमित शाह

सविता दीवान ने आरोप लगाया कि असल राजनैतिक और मेहनत करने वाले कार्यकर्ताओं नेताओं की कांग्रेस में कोई हैसियत नहीं है। उन्होंने प्रदेश नेतृत्व पर पार्टी को बंधक बनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस में गलत तरीके से टिकट वितरण हुआ है। टिकट वितरण में कर्मठ कार्यकर्ताओं को नजरअंदाज किया गया है।

सविता दीवान शर्मा नर्मदापुरम क्षेत्र से दो बार विधायक रह चुकी हैं। सोशल मीडिया के माध्यम से सविता दीवाने भावुक इस्तीफ़ा पत्र में लिखा है, 'मैं जिले की आखिरी कांग्रेस विधायक हूं अपने राजनैतिक जीवान में तीस वर्षों में से पिछले बीस वर्षों में प्रदेश के कई हिस्सों में संगठन का काम बेहद ईमानदारी से किया…अनेक उपचुनावों की प्रभारी तथा जिलों की प्रभारी रही हूं। मैंने महसूस किया है कि बीस सालों से सत्ता में न रहने के बाद भी प्रदेश का कार्यकर्ता जी-जान से पार्टी के साथ निष्ठावान रहा है और इस उम्मीद से रहा कि इस बार शायद पार्टी सरकार में आ जाए।'

उन्होंने सोशल मीडिया पर यह भी लिखा था कि उसूलों पर जहां आंच आए टकराना जरूरी है, जो जिंदा हो तो फिर जिंदा नजर आना जरूरी है। बता दें यही लाइन लिखकर ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भी कांग्रेस छोड़ी थी। अन्य नेताओं द्वारा भी पाला बदलते वक्त इन लाइनों को खूब लिखा जाता है।