MP: बिशप पीसी सिंह के ठिकानों पर EOW का छापा, करोड़ों की नकदी सहित विदेशी करेंसी बरामद

जबलपुर EOW की टीम ने द बोर्ड ऑफ एजुकेशन चर्च ऑफ नार्थ इंडिया के चेयरमैन बिशप पीसी सिंह के आवास और दफ्तर पर अलसुबह रेड मारी। बिशप पीसी सिंह के खिलाफ लगभग 2 करोड़ 70 लाख रुपए का हेरफेर और गबन का आरोप है।

Updated: Sep 08, 2022, 09:22 AM IST

जबलपुर। मध्य प्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ EOW की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में गुरुवार को जबलपुर में EOW की टीम ने द बोर्ड ऑफ एजुकेशन चर्च ऑफ नॉर्थ इंडिया के चेयरमैन बिशप पीसी सिंह के आवास और दफ्तर पर छापामार कार्रवाई की। कार्रवाई बिशप द्वारा पद पर रहते हुए छात्रों की फीस की राशि का गबन करने के मामले में की गई है। जांच के दौरान करोड़ों की हेराफेरी के दस्तावेज मिले हैं। 

बिशप पीसी सिंह के घर से लाखों रुपए की नकदी मिली है। EOW ने विदेशी मुद्रा भी बरामद की है। SBI की टीम नोटों की गणना कर रही है। नोटों को गिनने के लिए मशीन बुलानी पड़ी। इस कार्रवाई के बाद पूरे बोर्ड में हड़कंप मच गया है। दरअसल, ईओडब्ल्यू को शिकायत मिली थी कि पीसी सिंह द्वारा पद का दुरुपयोग कर बड़ी गड़बड़ियां की गई हैं। ईओडब्ल्यू को मिली शिकायत में लिखा गया था कि पीसी सिंह ने कूट रचित दस्तावेजों के आधार पर लगभग 2 करोड़ 70 लाख रुपए का हेरफेर और गबन किया है। 

डीएसपी मनजीत सिंह की अगुवाई में ईओडब्ल्यू की टीम गुरुवार सुबह बिशप पीसी सिंह के घर पहुंची। बताया जा रहा है कि छापे के दौरान EOW की टीम को कुछ बेशकीमती जमीन के दस्तावेज भी मिले हैं। EOW टीम को जांच में पता चला कि संस्थाओं से साल 2004-05 से लेकर वर्ष 2011-12 के बीच लगभग 2 करोड़ 70 लाख रुपए की राशि धार्मिक संस्थाओं को ट्रांसफर की गई है और कुछ राशि का गबन भी किया गया है। जिसके बाद आरोपी बिशप पीसी सिंह और तत्कालीन असिस्टेंट रजिस्ट्रार फर्म्स एंव संस्थाएं जबलपुर बीएस सोलंकी के खिलाफ धारा 406, 420, 468, 471, 120 बी मैं प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।