MP: कैलाश विजयवर्गीय और नरेंद्र सिंह तोमर चुनाव हार रहे हैं, कांग्रेस नेता सज्जन सिंह वर्मा का बड़ा दावा

सज्जन वर्मा ने कहा कि केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर थर्ड पोजिशन पर रहने वाले हैं। कैलाश विजयवर्गीय ने हमारी सलाह नहीं मानी। कल पोलिंग में उनके टेबल पर बूथ कार्यकर्ता नहीं थे। बुधनी में सीएम शिवराज का चुनाव भी फंसा है।

Updated: Nov 18, 2023, 05:36 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में मतदान के बाद अब हार-जीत के गणित लगने लगे हैं। सभी दलों के नेता अधिकारियों और प्रत्याशियों से फीडबैक लेकर आंकलन करने में जुटे हुए हैं। इसी बीच कांग्रेस के सीनियर नेता सज्जन सिंह वर्मा ने बड़ा दावा किया है। वर्मा ने कहा है कि केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर दिमनी से चुनाव हार रहे हैं। वहीं, भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय भी चुनाव हार जाएंगे।

भोपाल में मीडिया से बातचीत में सज्जन सिंह वर्मा ने कांग्रेस की प्रचंड जीत का दावा करते हुए कहा कि केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर और कैलाश विजयवर्गीय हार रहे हैं। नरेंद्र सिंह तोमर तो थर्ड पोजिशन पर रहने वाले हैं। उन्होंने कहा कि।मैंने विजयवर्गीय को सलाह भी दी थी कि टिकट वापस कर दें, मोदी और शाह आपसे बदला ले रहे हैं, लेकिन वह नहीं माने। कल पोलिंग में उनके टेबल पर बूथ कार्यकर्ता नहीं थे। वर्मा के मुताबिक इंदौर 1 से कांग्रेस प्रत्याशी संजय शुक्ला बड़े अंतर से चुनाव जीत रहे हैं। 

वर्मा ने यहां तक दावा किया कि बुधनी से सीएम शिवराज सिंह चौहान की सीट फंसी हुई है। वर्मा ने कहा कि शिवराज को तो नेता प्रतिपक्ष भी नहीं बनाएंगे। पिछली बार भी नहीं बनाया था। PM मोदी और केंद्रीय मंत्री शाह इन्हें डंप कर देंगे। लाड़ली बहना योजना के असर पड़ने के सवाल पर वर्मा ने कहा कि यह योजना बेअसर रहेगी। जब मतदान प्रतिशत बढ़ता है तो सरकार बदलती है।

सज्जन सिंह वर्मा ने कहा, 'लाड़ली बहना योजना से कोई फर्क पड़ने की संभावना नहीं है। किसानों की जेब काटने का काम शिवराज की सरकार ने किया है। भारत में 70 प्रतिशत आबादी गांव में है। शिवराज सरकार एक सीजन में किसानों की जेब से 35 हजार निकालकर महिला को 15 हजार रुपए दे रहे हैं।' कांग्रेस नेता ने कहा कि BJP का हथियार बनकर काम करने वाले अधिकारी-कर्मचारी लोकतंत्र के हत्यारे हैं। हम रणनीति बनाएंगे कि इनके साथ कैसा व्यवहार हो, कहां पद स्थापना की जाए।