BJP: MLA चाची ने हड़प ली भतीजियों की ज़मीन 

BJP MLA Rajshree Singh: परेशान भतीजियों अनीता सिंह और समृद्धि सिंह ने महिला आयोग में की शिकायत, सहायता की गुहार

Updated: Jul 25, 2020, 06:01 AM IST

भोपाल/विदिशा। शमशाबाद विधानसभा सीट से विधायक राजश्री सिंह पर उनकी भतीजियों ने ज़मीन हड़पने का आरोप लगाया है। अनीता सिंह और समृद्धि सिंह ने महिला आयोग में शिकायत की है। दोनों युवतियों ने महिला आयोग से उनके अधिकारों की रक्षा करने का आह्वान किया है। 

दरअसल दोनों युवती के पिता लोकेंद्र प्रताप सिंह की 4 जून को मौत हो गई थी। लोकेंद्र कैंसर से पीड़ित थे। लोकेंद्र प्रताप सिंह लघु उद्योग निगम भोपाल में कार्यरत थे। युवतियों का आरोप है कि कैंसर से पीड़ित पिता का सही से उपचार नहीं किया गया। भोपाल में डॉक्टरों ने उनके पिता को मुंबई में कीमियो थेरिपी कराने की सलाह दी थी। लेकिन कैंसर के थर्ड स्टेज में होने के बावजूद उनके पिता को विदिशा में ही रख कर उनका इलाज कराया गया। युवतियों ने कहा है कि पिता की मृत्यु के बाद उनके खाते में मौजूद जमाराशि की भी निकाल ली गई।

लोकेंद्र की मृत्यु के बाद उनकी संपत्ति पर विधायक राजश्री सिंह और उनके पति रुद्र प्रताप सिंह ने अवैध तौर पर अपना कब्ज़ा जमा लिया है। दोनों युवतियों ने आरोप लगाया है कि उनके चाचा और चाची ने पिता की मृत्यु के बाद उनके हिस्से की ज़मीन अपने नाम कर ली है। युवतियों ने आरोप लगाया है कि पिता के अंतिम समय में परिवार के सदस्यों ने जान बूझ कर उनसे मिलने नहीं दिया। जिससे वह यह साबित कर सकें कि उनके पिता की कोई संतान नहीं है। युवतियों का कहना है कि 2015 में उनके माता - पिता का तलाक हो गया था। लेकिन अपने पिता से अब भी उनके संबंध मधुर थे।

युवतियों के मुताबिक लोकेंद्र प्रताप सिंह के राजधानी में अयोध्या बायपास रोड स्थित फ्लैट पर भी ताला जड़ दिया गया है। और उन्हें अपने पिता के घर में प्रवेश नहीं कर दिया जा रहा है। विधायक की भतीजियों ने अपने चाचा और चाची पर यह आरोप लगाया है कि दोनों ने अपने रसूख का इस्तेमाल कर हमारे अधिकारों से वंचित कर दिया है। युवतियों ने कहा है कि चाची के रसूख के चलते स्थानीय प्रशासन भी उनकी कोई सुध नहीं ले रहा है। दोनों युवतियों ने अपने भविष्य के प्रति चिंता व्यक्त करते हुए कहा है कि अभी उनकी शिक्षा शेष है। तथा उनकी शादी भी नहीं हुई है। ऐसे समय में पिता का साया उनके सिर पर से उठ गया है। और दूसरी तरफ परिवारजनों ने अपने लालच की पूर्ति के लिए उन्हें दर दर की ठोकरें खाने के लिए छोड़ दिया है। युवतियों ने राजधानी में महिला आयोग से शिकायत कर अपने अधिकारों को संरक्षित और सुरक्षित करने की अपील की है।