उज्जैन में 12 साल की बच्ची से रेप, खून से सनी अर्धनग्न बच्ची ढाई घंटे भटकती रही, नहीं की किसी ने मदद

उज्जैन में एक छोटी बच्ची के साथ अत्यंत क्रूरतापूर्ण दुराचार का मामला देखकर रूह कांप जाती है। ऐसी जघन्य घटना प्रशासन और समाज के माथे पर कलंक है: कमलनाथ

Updated: Sep 27, 2023, 01:00 PM IST

उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन में 12 साल की एक बच्ची के साथ हैवानियत का रूह कंपाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक 13 साल की बच्ची के साथ रेप हुआ और वह नग्न अवस्था में खून से लथपथ सड़क पर घंटों भटकती रही  इस दौरान कोई उसकी मदद के लिए सामने नहीं आया। सोशल मीडिया पर एक सीसीटीवी फुटेज वायरल हो रहा है, जिसमें लड़की अपने जिस्म को ढकने की कोशिश कर रही है और लोगों से मदद की गुहार लगा रही है। बाद में पुलिस आती है और उसे अस्पताल लेकर जाती है।

महाकाल थाना इलाके में बड़नगर रोड पर दांडी आश्रम के पास बच्ची सोमवार शाम घायल हालत में मिली थी। उसके कपड़े खून से सने थे। उसे चरक अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां से इंदौर रेफर कर दिया गया। वहां डॉक्टरों ने बताया कि बच्ची के साथ रेप हुआ है। खून से सनी अर्धनग्न बच्ची सांवराखेड़ी सिंहस्थ बायपास की कॉलोनियों में ढाई घंटे तक भटकती रही। इसके CCTV फुटेज पुलिस ने खोजे हैं। वह पूरे आठ किलोमीटर चलती गई। कुछ लोगों ने देखा भी, लेकिन न तो मदद की और न ही पुलिस को बताया।

बच्ची के प्राइवेट पार्ट्स में गंभीर चोटें हैं। ज्यादा खून बह जाने के कारण बच्ची को इंदौर के अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। वहां पुलिस ने उसे खून दिया। 
उज्जैन SP सचिन शर्मा ने बताया कि बच्ची संभवत: प्रयागराज (UP) की रहने वाली है। जांच के लिए SIT गठित की है। बच्ची ठीक से ज्यादा कुछ बता नहीं पा रही है कि घटना कहां हुई। वह उज्जैन तक कैसे आई? इस बारे में कुछ भी नहीं बता पा रही है। CCTV फुटेज में एक ऑटो रिक्शा हाटकेश्वर मार्ग पर दिखाई दिया है, जिसमें एक व्यक्ति भी पीड़िता के साथ दिखा है। फुटेज की मदद से पुलिस ने मंगलवार रात को ऑटोवाले को खोज निकाला। हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की जा रही है।

CCTV फुटेज में बच्ची सोमवार सुबह 5 बजकर 52 मिनट पर तिरूपति ड्रीम्स कॉलोनी में हड़बड़ाती हुई पैदल जाती दिखी है। इस दौरान सुबह कॉलोनी के एक वृद्ध ने उससे पूछा भी कि क्या हुआ है तो वह इतना ही बोली कि कुछ लोग मेरे पीछे लगे हैं। इसके बाद वह रुकी नहीं, वह तेजी से चलती गई। पुलिस टीम पुराने 72 घंटे के CCTV फुटेज खंगाल रही है। इस दौरान बायपास मार्ग से निकले भारी वाहनों की भी डिटेल निकलवाई जा रही है। इसमें हाटकेश्वर मार्ग के फुटेज में कुछ सुराग लगे हैं। लोगों के मूवमेंट पर भी ध्यान रखा जा रहा है। 

हालांकि, इस घटना के बाद उज्जैन में कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि ऐसी जघन्य घटना प्रशासन और समाज के माथे पर कलंक है। उन्होंने ट्वीट किया, 'उज्जैन में एक छोटी बच्ची के साथ अत्यंत क्रूरतापूर्ण दुराचार का मामला देखकर रूह कांप जाती है। 12 साल की बेटी के साथ जिस तरह का दुष्कृत्य हुआ और जिस तरह से वह अर्धनग्न अवस्था में शहर के कई इलाकों में भागती रही और फिर बेहोश होकर सड़क पर गिर गई, उससे मानवता शर्मसार हो जाती है।'

कमलनाथ ने ट्वीट कर कहा, 'मैं मुख्यमंत्री से जानना चाहता हूं कि क्या आप सिर्फ चुनाव ही लड़ते रहेंगे और झूठी घोषणाएं ही करते रहेंगे? क्या आप आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से बनी बेटियों की तस्वीरों से पूरे मध्य प्रदेश के होर्डिंग भर देंगे, लेकिन मासूम बेटियों की सुरक्षा पर कोई ध्यान नहीं देंगे? प्रदेश में ऐसी क्रूर घटनाओं की पुरावृत्ति बताती है कि मध्य प्रदेश में कानून का राज समाप्त हो चुका है। मध्य प्रदेश मुख्यमंत्री के होते हुए भी मुख्यमंत्री विहीन हो चुका है। अपराधी निरंकुश है और जनता परेशान है।'