भोपाल में नाबालिग से रेप, रेप करने वाला पीड़िता का परिचित

पीड़िता के दुष्कर्म के बारे में एक अन्य परिचित को पता चल गया था, जिस वजह से पीड़िता को बदनामी का डर सताने लगा, पीड़िता के माता पिता की शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है

Publish: Oct 18, 2021, 07:45 AM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश में बलात्कार की घटनाएं कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। भोपाल के सुखीसेवनिया में एक तेरह वर्षीय नाबालबिग के साथ बलात्कार का मामला सामने आया है। पीड़िता के माता पिता ने सोमवार सुबह सुबह सुखीसेवनिया थाने में शिकायत दर्ज कराई है। 

पीड़िता से बलात्कार करने का आरोपी उसका परिचित है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इशांत नामक व्यक्ति ने दो दिन पहले पीड़िता को मिलने के लिए बुलाया था। इशांत के बुलावे पर जब पीड़िता उससे मिलने पहुंची तब आरोपी ने उसके साथ जबरन बलात्कार किया। दुष्कर्म करने के बाद आरोपी ने पीड़िता को किसी को नहीं बताने की धमकी भी दी।

दुष्कर्म होने के बाद डरी सहमी पीड़िता अपने घर में इस घटना के बारे में बता नहीं पाई। लेकिन जब पीड़िता को इस बात का आभास हुआ कि उसका एक अन्य परिचित उसके साथ हुए दुष्कर्म की बात जानता है। तब पीड़िता ने अपने माता पिता को पूरी घटना बता दी। 

रविवार रात को माता पिता के कानों में यह बात पहुंची, तब उन्होंने सीधा सुखीसेवनीया थाने का रुख किया। थाने पहुंचकर उन्होंने आरोपी इशांत की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने इशांत के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस इशांत को पकड़ने में जुटी हुई है।