मंत्री बिसाहूलाल सिंह का दावा, महंगाई से हो रहा है किसानों का लाभ, इसलिए महंगाई करें स्वीकार

बिसाहूलाल सिंह ने अपनी बात को साबित करने के लिए गणित का एक हिसाब भी समझाया कि आखिर कैसे महंगाई बढ़ने से किसानों को लाभ पहुंच रहा है

Publish: Nov 02, 2021, 04:10 AM IST

Photo Courtesy: ANI
Photo Courtesy: ANI

भोपाल। बढ़ती महंगाई को लेकर भाजपा नेताओं की बेतुकी बयानबाजी का सिलिसला थमने का नाम ही नहीं ले रहा है। शिवराज सरकार में मंत्री बिसाहूलाल सिंह ने मंहगाई का गणित समझाते हुए बताया है कि महंगाई बढ़ने से किसानों को काफी लाभ पहुंच रहा है। भाजपा नेता ने कहा है कि इसलिए हमें महंगाई को स्वीकार करना चाहिए।

बिसाहूलाल सिंह ने मंहगाई पर बात करते हुए कहा कि पहले लोग एक रुपए में दस किलो धान खरीदते थे। आज 19 रुपए में एक किलो धान बिक रहा है। इसलिए अगर इस तरह किसानों का फायदा पहुंच रहा है, तो लोगों को महंगाई को स्वीकार करना चाहिए। 

भाजपा नेता के इस बयान की खूब फजीहत हो रही है। सोशल मीडिया यूजर्स जमकर बिसाहूलाल सिंह को ट्रोल कर रहे हैं। कुमार विश्वास ने भी मंत्री के बयान पर तंज कसते हुए कहा है कि इसलिए सर्वशिक्षा अभियान बेहद जरूरी है, क्योंकि अगर एक भी बच्चा छूट गया तो अक्ल चक्र टूट जाता है। 

बिसाहूलाल सिंह से ठीक पहले शिवराज सरकार में एक अन्य मंत्री महेंद्र सिंह सिसोदिया ने भी महंगाई को लेकर ऐसा ही अजीबोगरीब बयान दिया था। सिसोदिया ने कहा था कि बीते सालों में लोगों की आमदनी भी बढ़ी है, हर चीज़ के दाम पहले जितने नहीं रह सकते, हर चीज़ मुफ्त में नहीं मिल सकती, इसलिए लोगों को महंगाई स्वीकार करनी चाहिए। 

यह भी पढ़ें : हर चीज़ फ्री में नहीं दे सकती सरकार, थोड़ी महंगाई भी करें स्वीकार: महेंद्र सिंह सिसोदिया

मध्य प्रदेश के भाजपा नेता लगातार बढ़ती महंगाई पर सरकार का बचाव करते करते अनर्गल बयानबाजी करते रहते हैं। भोपाल से लोकसभा सांसद साध्वी प्रज्ञा तो महंगाई के दावे को खारिज कर चुकी हैं, और इसे कांग्रेस का प्रोपेगेंडा बता चुकी हैं। वहीं शिवराज सरकार में मंत्री विश्वास सारंग महंगाई के लिए देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू को जिम्मेदार ठहरा चुके हैं।