मध्य प्रदेश को अब तक मिलीं वैक्सीन के 18 लाख खुराकें, 81 लाख डोज़ की है ज़रूरत

शिवराज सिंह चौहान ने एक बार फिर प्रदेश में बढ़ते कोरोना के संक्रमण को लेकर नाइट कर्फ्यू लगाने के संकेत दिए हैं

Updated: Mar 14, 2021, 07:01 AM IST

Photo Courtesy: ANI
Photo Courtesy: ANI

भोपाल। मध्य प्रदेश में कोरोना टीकाकरण का दूसरा दौर चल रहा है। राज्य सरकार को अब तक वैक्सीन के 18 लाख 84 हज़ार डोज मिल पाए हैं। जबकि केंद्र सरकार द्वारा मध्य प्रदेश सरकार को 81 लाख डोज मुहैया कराए जाने है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उम्मीद जताई है कि केंद्र सरकार मध्य प्रदेश को जल्द ही वैक्सीन के सभी डोज़ मुहैया करा देगी। 

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज राजधानी भोपाल में अपने आवास पर स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच मध्य प्रदेश में कोरोना की स्थिति और टीकाकरण अभियान के बारे में चर्चा हुई। हर्षवर्धन ने मुख्यमंत्री को जल्द ही पर्याप्त मात्रा में टीके मुहैया कराने का भरोसा जताया है। 

स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन से बातचीत के बाद मुख्यमंत्री ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि हमें प्रदेश में वैक्सीन के 81 लाख पहले डोज की ज़रूरत है। जिसमें से अब तक सिर्फ 18 लाख 84 हज़ार डोज़ उपलब्ध कराए गए हैं। हालांकि मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में टीकाकरण का अभियान पूरी रफ्तार से चल रहा है। स्वास्थ्य मंत्री ने टीके के पर्याप्त डोज जल्द ही उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है। 

पिछले कुछ दिनों से मध्य प्रदेश में कोरोना के मामले तेजी से बढ़ने लगे हैं, जिसे देखते हुए मुख्यमंत्री ने फिर से नाइट कर्फ्यू लगाने के संकेत दिए हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कोरोना के बढ़ते मामले चिंता का विषय हैं। उन्होंने कहा कि मैं कोई अफरातफरी का माहौल नहीं बनना चाहता, लेकिन लोगों को कोरोना से बचाव के मामले में सावधानी बरतनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर लोगों ने कोरोना से बचने के उपायों पर ठीक से अमल नहीं किया, तो जिन जगहों पर ज्यादा केस सामने आएंगे, वहां नाइट कर्फ्यू लगाना पड़ सकता है।