शिव 'राज' ने रोकी भोजन पैकेट व्यवस्था, भूखे रहेंगे हजारों
सरकार ने प्रदेश कांग्रेस की ओर से बांटें जा रहे खाने के पैकेट का वितरण रोक दिया है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने कहा है कि सरकार सूखा राशन दें या पका हुआ भोजन दें।

भोपाल। शिवराज सरकार ने प्रदेश कांग्रेस की ओर से भोपाल में गरीबों को बांटें जा रहे खाने के पैकेट का वितरण रोक दिया है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने इस रोक पर खेद प्रकट करते हुए कहा कि अब राज्य सरकार को जरूरतमंद गरीबों को सूखा राशन दें या पका हुआ भोजन उपलब्ध करवाएं।
भोपाल में लॉकडाउन से उपजी समस्याओं से निपटने के लिए कई सामाजिक संगठन सामने आए हैं। वे गरीब और वंचितों की बस्तियों में खाना पहुंचा रहे हैं। लेकिन अब प्रशासन ने यह व्यवस्था बंद कर दी है। इस कारण हजारों लोगों के सामने खाने का संकट खड़ा हो गया है। ऐसे ही संकट के बारे में कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने अपने ट्वीट में बताया कि पिछले कई दिनों से भोपाल में प्रदेश कांग्रेस की ओर से कमलनाथ जी के आदेश से और गोविंद गोयल के मार्गदर्शन में पके हुए भोजन के 25 से 35 हजार पैकेट बांटे जा रहे थे किन्तु मध्य प्रदेश शासन के आदेश से आज से यह व्यवस्था बंद कर दी गयी है। हमें इस बात का खेद है। हम मध्य प्रदेश शासन से यह अपेक्षा करते हैं कि वे सभी ज़रूरतमंद लोगों को सूखा राशन दें या पके हुए भोजन की व्यवस्था अवश्य करें। मप्र के मज़दूर जो कि अन्य प्रदेशों में फँसे हैं उन प्रदेशों के शासन-प्रशासन से चर्चा कर उनकी व्यवस्था करवाएं।
हम मध्य प्रदेश शासन से यह अपेक्षा करते हैं कि वे सभी ज़रूरत मंद लोगों को सूखा राशन दें या पके हुए भोजन की व्यवस्था अवश्य करें। मप्र के मज़दूर जो कि अन्य प्रदेशों में फँसे हैं उन प्रदेशों के शासन - प्रशासन से चर्चा कर उनकी व्यवस्था करवायें।
— digvijaya singh (@digvijaya_28) April 6, 2020