गुना में गौवंशो की दुर्दशा, सड़क पर बैठी सात गायों को ट्रक ने रौंदा, 6 की मौत और एक की हालत गंभीर

मध्य प्रदेश के गुना में तेज रफ्तार ट्रक एक के बाद एक 7 गायों को रौंदते हुए निकली। इसमें 6 की मौत हो गयी। जबकि एक गाय घायल हो गयी।

Updated: Jul 02, 2023, 05:14 PM IST

गुना। मध्य प्रदेश के गुना शहर के बाईपास पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने सात गायों को कुचल दिया। इसमें छह गायों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, एक गाय गंभीर रूप से घायल है, जिसे उपचार के लिए गौशाला भेजा गया है। एक्सीडेंट की यह पूरी घटना ढाबे पर लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई।

रिपोर्ट्स के मुताबिक घटना रविवार को बाईपास पर RTO कार्यालय के आगे एक ढाबे के सामने हुई। जहां सात गायें रोड पर बैठी थीं। बारिश के कारण मिट्टी गीली हो जाने की वजह से वे सूखी हुई सड़क पर बैठी थीं। इस दौरान टोल नाके की तरफ से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने गायों में टक्कर मार दी। उसने एक के बाद एक सात गायों को कुचल दिया।

घटना की सूचना मिलने पर कैंट पुलिस और नगरपालिका की टीम मौके पर पहुंची। मृत गायों को नपा की टीम ने दफना दिया है। JCB से उठाकर गायों के शवों को ट्रॉली में भरा गया।वहीं, घायल गाय को इलाज के लिए कैंट गौशाला भिजवाया गया है। 

घटना को लेकर कांग्रेस ने राज्य सरकार को निशाने पर लिया है। कांग्रेस प्रवक्ता आनंद जाट ने कहा कि, 'मध्य प्रदेश में गौमाता पर अत्याचार की घटनाएं प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। सरकार सो रही है और हिन्दू समाज रो रहा है। कमलनाथ सरकार ने प्रदेश एक हजार गौशाला खोलने की पहल की थी। गौवंशों के चारे के लिए 20 रुपए का प्रावधान किया था। लेकिन गाय के नाम पर राजनीति करने वाली भाजपा ने गौशालाओं के निर्माण कार्य रुकवा दिए, चारे की राशि 20 रुपए से दो रुपए कर दिए। स्थिति ये है कि गौमाता सड़कों पर मरने को मजबूर हैं। इस बार मध्य प्रदेश के संत महात्मा और हिन्दू समाज ने इस निष्क्रिय निर्लज्ज सरकार को उखाड़ फेकने का संकल्प ले लिया है।'