दो लाख भर्तियां, पंचायतों में पद सृजन, परीक्षा शुल्क माफ, MP के नौजवानों को कमलनाथ के 10 वचन

मैं मध्य प्रदेश के नौजवानों को बताना चाहता हूं कि एक महीने बाद कांग्रेस की जो सरकार बनेगी, वह सरकार नौजवानों के लिए 10 बड़े काम करेगी: कमलनाथ

Updated: Oct 21, 2023, 12:35 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव का काउंट डाउन शुरू हो चुका है। चुनाव को लेकर सभी पार्टियां बड़ी-बड़ी घोषणाएं कर रही हैं। तीन दिन पहले ही कांग्रेस ने भी अपना विस्तृत वचनपत्र जारी किया जिसमें सभी वर्गों के लिए बड़े ऐलान किए गए हैं। इसी बीच कमलनाथ ने प्रदेश के नौजवानों को 10 वचन दिए हैं।

कमलनाथ ने ट्वीट किया, 'शिवराज जी, मैं आपसे पूछना चाहता हूं कि आपने मध्य प्रदेश को बेरोजगारों का प्रदेश क्यों बना दिया है? प्रदेश के नौजवानों से आपकी क्या दुश्मनी है? आपने क्यों उनके भविष्य को अंधकार की गर्त में झोंक दिया है? आज प्रदेश में करीब 40 लाख रजिस्टर्ड बेरोजगार हैं। जिन नौजवानों के वर्तमान और भविष्य को अपने खराब किया है, वह अब आपका राजनीतिक भविष्य बिगाड़ने के लिए तैयार हैं।'

कमलनाथ ने आगे लिखा, 'मैं मध्य प्रदेश के नौजवानों को बताना चाहता हूं कि एक महीने बाद कांग्रेस की जो सरकार बनेगी, वह सरकार नौजवानों के लिए 10 बड़े काम करेगी।
1.सरकारी भर्ती का कानून बनाएंगे।
2. 2.00 लाख सरकारी पद भरेंगे।
3. प्रत्येक ग्राम पंचायत में नए पद निर्मित कर भरेंगे।
4. प्रदेश के युवाओं को ही सरकारी नौकरी में प्राथमिकता मिले, इस हेतु आगे बढ़ेंगे।
5. प्रतियोगी परीक्षा शुल्क में 100 प्रतिशत छूट देंगे।
6. पिछले 18 वर्षों से लंबित भर्तियां - शिक्षकों, पुलिस, पटवारी, फॉरेस्ट गार्ड, नर्स आदि की भरी जाएंगी।
7.युवा स्वाभिमान के अंतर्गत जरूरतमंद शिक्षित बेरोजगार युवाओं को 1500 से 3000/- रूपए तक प्रतिमाह आर्थिक सहायता देंगे।
8.भोपाल में प्रोफेशनल हब बनाएंगे।
9. मध्यप्रदेश में डिजिटल यूनिवर्सिटी शुरू करेंगे।
10. उच्च शिक्षा, चिकित्सा शिक्षा, तकनीकी शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार करेंगे।'