ग्वालियर: व्यापारी के भाईयों को धोखा देकर रचाई शादी, दो महीने बाद 7 लाख के गहने और 8 लाख का कैश लेकर फरार हुईं दोनों दुल्हन

नंदनी प्रजापति और टीना यादव उज्जैन की रहने वाली हैं, नंदनी पहले से एक बच्चे की मां भी है

Publish: Apr 01, 2021, 11:14 AM IST

Photo Courtesy : Jagran.com
Photo Courtesy : Jagran.com

ग्वालियर। मध्यप्रदेश के ग्वालियर में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। दो महिलाओं ने ग्वालियर में पहले व्यापारी भाईयों से शादी रचाई। और फिर शादी के दो महीने बाद ही दोनों महिलाएं 7 लाख के गहने और 8 लाख रुपए का कैश लेकर फरार हो गईं। धोखाधड़ी के इस मामले में कुल 6 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। शिकायत दर्ज कराने के बाद पता चला है कि उज्जैन में दोनों महिलाओं के खिलाफ पहले से ही एक मामला दर्ज है।  

दरअसल ग्वालियर के बिलौआ थाना क्षेत्र में रहने वाले कपड़ा कारोबारी नागेंद्र जैन ने अपने दो छोटे भाईयों दीपक जैन और सुमित जैन की शादी की थी। दिसंबर 2020 में दीपक की शादी नंदनी और सुमित की शादी रिंकी से हुई थी। दोनों रिश्ता बाबूलाल जैन ने तय करवाया था। शादी के दौरान बताया गया था कि रिंकी और नंदनी दोनों बहन उज्जैन की रहने वाली हैं। पीड़ित परिवार को बताया गया था कि दोनों के माता पिता का काफी पहले देहांत हो चुका है और दोनों ही अपने दो भाई आकाश मित्तल और संदीप मित्तल के साथ रहती हैं। शादी के दौरान पीड़ित परिवार ने दोनों बहनों के कथित परिवार को गरीब परिवार समझकर 7 लाख रुपए भी दिए थे।  

 यह भी पढ़ें : बैतूल में पुलिस पर जुआरियों और ग्रामीणों ने किया जानलेवा हमला, मेले में चल रहे जुए को पकड़ने गई थी पुलिस

शादी रचाने के 15 दिनों तक नंदनी और रिंकी ससुराल में ही रहीं। लेकिन इसके बाद दोनों ही अपने मायके चली गयीं। हालांकि 9 जनवरी को दोनों एक बार फिर अपने ससुराल पहुंची। लेकिन उसी दिन उनके ससुर की हार्ट अटैक से मृत्यु हो गई। इसके बाद अपने दिवंगत ससुर की तेरहवीं तक दोनों को ससुराल में ही रहना पड़ा। लेकिन इसके ठीक बाद दोनों ही बहनें तबीयत खराब होने का बहाना देकर एक बार फिर ससुराल से रवाना हो गईं।  

 यह भी पढ़ें : कोविड की दवाओं के वसूले जा रहे मनमाने दाम, शिवराज सरकार पर भड़के कमलनाथ

काफी दिनों तक ससुराल पक्ष वाले दोनों को ससुराल आने के लिए कहते रहे। लेकिन दोनों ही बहनें ससुराल न आने के लिए बहाना बनाती रहीं। काफी दिनों बाद ससुराल पक्ष वालों को गड़बड़ी की भनक लगी।घर में तलाशी लेने पर सुसराल वालों को पता चला कि घर से 7 लाख के गहने और 8 लाख कैश गायब हैं। परिवार वालों ने उसके बाद दोनों ही बहनों को फेसबुक पर खंगाला। फेसबुक खंगालने पर पता चला कि नंदनी और रिंकी दोनों की पहले ही शादी हो चुकी है। नंदनी का एक बच्चा भी है। दोनों की आईडी नंदनी प्रजापति, टीना यादव और रिंकी मित्तल के नाम से है।