MP BJP में सिर फ़ुटव्वल जारी, वीडी शर्मा ने मंत्री भूपेंद्र के करीबी सुशील तिवारी को कार्यसमिति से हटाया

सागर महापौर के पति सुशील तिवारी ने एक पत्र शेयर किया था, जिसमें बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी के किसी महिला नेत्री के घर आने-जाने का जिक्र किया गया था।

Updated: Jun 02, 2023, 12:24 PM IST

भोपाल। विधानसभा चुनाव से पूर्व मध्य प्रदेश बीजेपी में सिर फ़ुटव्वल जारी है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने मंत्री भूपेंद्र सिंह के करीबी व सागर महापौर के पति सुशील तिवारी को प्रदेश कार्यसमिति से बाहर का रास्ता दिखा दिया है। दरअसल, तिवारी ने बीते दिनों एक पत्र शेयर किया था, जिसमें बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी के किसी महिला नेत्री के घर आने-जाने का जिक्र किया गया था।

मध्य प्रदेश बीजेपी पिछले दो दिनों से कार्यकर्ताओं से हुई अनुशासनहीनता मामले में बैठक कर रही है। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा और संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा ये बैठक का नेतृत्व कर रहे हैं। 26 सदस्यीय इस बैठक में सुशील तिवारी के अलावा जबलपुर के पूर्व विधायक हरेंद्र जीत सिंह बब्बू और सांसद केपी यादव समेत अन्य के बयान को लेकर चर्चा हुई।

यह भी पढ़ें: कर्नाटक की तरह अब मध्य प्रदेश में भी PayCM चल रहा है, सीएम चौहान पर बरसे दिग्विजय सिंह

बताया जा रहा है कि बैठक में भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने सागर महापौर संगीता तिवारी के पति सुशील तिवारी द्वारा शेयर किए गए मैसेज को लेकर आपत्ति जताई। वीडी शर्मा उन्हें पार्टी से निष्कासित करना चाहते थे। हालांकि, संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा की दखल के कारण सिर्फ कार्यसमिति से बाहर किया है।
इससे पहले तिवारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया था। डा. तिवारी ने इसका जवाब भी दिया, लेकिन इस जवाब से प्रदेश अध्यक्ष संतुष्ट नहीं हुए। 

सुशील तिवारी नगरीय प्रशासन मंत्री भूपेंद्र सिंह के बहुत ही करीबी है। कुछ दिन पहले डा. तिवारी ने इंटरनेट मीडिया पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा को लेकर एक पत्र वायरल किया था। पत्र में वीडी शर्मा के चरित्र पर सवाल उठाए गए थे और कहा गया था कि वह किसी महिला नेत्री के घर आते-जाते हैं। हालांकि, बाद में उन्होंने उसे डिलीट कर दिया था। लेकिन बात ऊपर तक चली गई और शर्मा इससे काफी खफा हुआ।

इसके अलावा सुशील तिवारी ने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बदलने को लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था। उन्होंने व्हाट्सएप ग्रुप्स में लिखा गया था कि भूपेंद्र सिंह बीजेपी के नए अध्यक्ष हो सकते हैं। इसके बाद ही वीडी शर्मा को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के पद से हटाए जाने की बातें मीडिया में उछल गईं थीं। बहरहाल, कार्यसमिति से हटाए जाने को लेकर सुशील तिवारी ने कहा कि, 'जो भी हुआ वह मेरे पीए की गलती से हुआ। उसे हटा दिया था। इस संबंध में मैंने खेद व्यक्त करते हुए जवाब भी दे दिया था। पार्टी का जो भी निर्णय है, शिरोधार्य है।'