गोहद में BJP प्रत्याशी के खिलाफ देंगे वोट, कुशवाहा समाज के सैंकड़ों लोगों ने मंदिर में खाई कसम

कुशवाहा समाज के लोगों का कहना है कि लाल सिंह आर्य अपने द्वारा घोषित किए गए महात्मा ज्योतिबा राव फुले के पार्क निर्माण का कार्य पूरी तरह भूल गए हैं। इसलिए उनका विरोध किया जा रहा है।

Publish: Aug 22, 2023, 05:18 PM IST

भोपाल। विधानसभा चुनाव को लेकर बीजेपी ने मध्य प्रदेश की 39 सीटों पर पहली सूची जारी कर दी है। सूची जारी होने के बाद अब अंतर्कलह रोकना बीजेपी के लिए बड़ी चुनौती है। टिकट का ऐलान हुए अभी कुछ दिन ही हुए हैं और कई सीटों पर दावेदारों ने खुलकर बगावत शुरू कर दी है। उधर गोहद में कुशवाहा समाज के लोगों ने मंदिर में जाकर भाजपा के खिलाफ मतदान करने की शपथ ली है।

कुशवाहा समाज के लोगों का कहना है कि गोहद से भाजपा प्रत्याशी लाल सिंह आर्य अपने द्वारा घोषित किए गए महात्मा ज्योतिबा राव फुले के पार्क निर्माण का कार्य पूरी तरह भूल गए हैं। इसलिए उनका विरोध किया जा रहा है। गोहद की आरक्षित सीट से बीजेपी के अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह आर्य को प्रत्याशी बनाया गया है, लेकिन इस घोषणा के साथ ही आर्य का कुशवाहा समाज ने विरोध शुरू कर दिया।

लाल सिंह आर्य के विरोध में कुशवाहा समाज ने रूपावई गांव के बरवाह मंदिर पर एक शपथ ग्रहण कार्यक्रम किया, इसमें बड़ी संख्या में कुशवाहा समाज के लोग शामिल हुए। समाज के लोगों ने लाल सिंह आर्य को विधानसभा चुनाव में वोट नहीं करने की शपथ ली। इतना ही नहीं अपने समाज के अन्य लोगों, रिश्तेदारों और परिजनों को भी आर्य को वोट नहीं देने, इसके साथ ही आर्य के खिलाफ प्रचार करने की भी सामूहिक शपथ ली गई।

कुशवाहा समाज का विरोध के बाद लाल सिंह आर्य बैकफुट पर नजर आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही पार्क का निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। लेकिन जिस तरह से कुशवाहा समाज में आर्य के खिलाफ आक्रोश पनप रहा है, उसे लगता है कि भाजपा के लिए आने वाले समय में कुशवाहा समाज मुश्किल खड़ी कर सकता है।

बता दें कि लाल सिंह आर्य गोहद विधानसभा सीट से 3 बार विधायक रह चुके हैं। इसके अलावा वे शिवराज सरकार में मंत्री भी रह चुके हैं। लाल सिंह आर्य साल 2018 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के प्रत्याशी रणवीर जाटव से हार गए थे। इसके बाद रणवीर जाटव बीजेपी में सिंधिया के साथ बीजेपी में शामिल हुए। साल 2020 के उपचुनाव में रणवीर जाटव को भाजपा ने प्रत्याशी बनाया लेकिन रणवीर जाटव चुनाव हार गए। अब एक बार फिर से बीजेपी ने लाल सिंह आर्य को 2023 के विधानसभा चुनाव के लिए अपना प्रत्याशी घोषित किया है।