अग्निपथ योजना के खिलाफ आज भारत बंद, कई राज्यों में हाई अलर्ट, बिहार-झारखंड में सभी स्कूल बंद

सुरक्षा बलों को हिंसा करने वाले प्रदर्शनकारियों से सख्ती से निपटने के निर्देश दिए हैं, हिंसा करने वालों के खिलाफ संगीन धाराओं के तहत कार्रवाई करने के लिए कहा गया है, भारत बंद के दौरान हर गतिविधि की सतर्कतापूर्वक निगरानी की जाएगी

Updated: Jun 20, 2022, 03:42 AM IST

नई दिल्ली। अग्निपथ’ सैन्य भर्ती योजना के विरोध में आज युवाओं ने भारत बंद का ऐलान किया है। इसे ध्यान में रखते हुए उत्तर से लेकर दक्षिण भारत तक सभी राज्य सरकारों ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। RAF और GRP को हाई अलर्ट पर रखा गया है। सुरक्षा बलों को हिंसा करने वाले प्रदर्शनकारियों से सख्ती से निपटने के निर्देश दिए हैं। उनसे हिंसा करने वालों के खिलाफ संगीन धाराओं के तहत कार्रवाई करने के लिए कहा गया है।

भारत बंद के दौरान हर गतिविधि की सतर्कतापूर्वक निगरानी की जाएगी। इसके तहत मोबाइल, कैमरा, सीसीटीवी से हिंसा करने वालों के खिलाफ डिजिटल साक्ष्य जुटाए जाएंगे। भारत बंद के मद्देनजर बिहार और झारखंड की सरकारों ने सभी स्कूलों को बंद रखने का निर्देश दिया है। झारखंड सरकार के शिक्षा विभाग के सचिव राजेश शर्मा ने कहा है कि सोमवार को कुछ संगठनों द्वारा भारत बंद के ऐलान के बीच राज्य के सभी स्कूल बंद रहेंगे।

यह भी पढ़ें: अग्निवीरों को साल में मिलेंगी सिर्फ 30 छुट्टियां, चार साल पूरे किए बिना नहीं छोड़ पाएंगे जॉब, गाइडलाइंस जारी

उधर उत्तर प्रदेश के कई प्रमुख शहरों में सीआरपीसी की धारा 144 लागू कर दी गई है। गौतम बौद्ध नगर पुलिस ने चेतावनी दी कि कानून का उल्लंघन करने वाली गतिविधियों में लिप्त पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। यूपी में भी अग्निपथ योजना के विरोध में आंदोलन के दौरान हिंसा देखी गई।अलीगढ़, बलिया, मथुरा, दे​वरिया समेत कई जिलों में प्रदर्शनकारियों ने रेलवे और रोडवेज की संपत्तियों को आग के हवाले कर दिया था।

राजधानी दिल्ली के सभी बॉर्डर्स पर नाकेबंदी की गई है। दिल्ली पुलिस को इनपुट मिली है कि राज्यों से युवा राजधानी की ओर रुख करने की तैयारी में हैं। पंजाब सरकार ने भी पुलिस को अलर्ट रहने का निर्देश दिया गया है। इसके साथ ही पंजाब में सभी बड़े सैन्य कोचिंग संस्थानों के आसपास सुरक्षा बढ़ाने के भी निर्देश दिए गए हैं।

हरियाणा में भी अलर्ट है। फरीदाबाद पुलिस ने भारत बंद के मद्देनजर शहर में कानून-व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए 2,000 से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात की है। असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए 12 पुलिस ब्लॉक लगाए गए हैं और वीडियोग्राफी की व्यवस्था की गई है। हरियाणा उन राज्यों में से एक है, जहां अग्निपथ योजना के खिलाफ हिंसक विरोध प्रदर्शन हुए हैं। 

उधर दक्षिण भारत केरल के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) ने कहा है कि सोमवार को भारत बंद के दौरान हिंसा या सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाले किसी भी व्यक्ति को गिरफ्तार करने के लिए पूरा बल ड्यूटी पर होगा। केरल में जिला पुलिस प्रमुखों को व्यवसायों को जबरन बंद करने से रोकने का निर्देश दिया गया है।