ममता बनर्जी का व्हीलचेयर पर रोड शो, कोलकाता की सड़कों पर उमड़ा समर्थकों का हुजूम

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी सोमवार से पूरे प्रदेश में करेंगी जनसभाओं की शुरुआत, तृणमूल कांग्रेस ने मेनिफेस्टो जारी करने का कार्यक्रम टाला, अब 17 मार्च को जारी होगा टीएमसी का घोषणापत्र

Updated: Mar 14, 2021, 09:25 AM IST

Photo courtesy: Aaj Tak
Photo courtesy: Aaj Tak

कोलकाता। पश्चिम बंगाल के चुनावी महासमर में सीएम ममता बनर्जी एक बार फिर वापस लौट आई हैं। नंदीग्राम में हुए हमले में लगी चोट के बाद आज वे कोलकाता में रोड शो कर रही हैं। घायल ममता बनर्जी आज कोलकाता में व्हीलचेयर पर बैठकर ही सड़कों पर निकल पड़ी हैं। उनके साथ तृणमूल कांग्रेस के नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों का भारी हुजूम भी है। 

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आज राजधानी कोलकाता में गांधी मूर्ति से हाजरा तक व्हीलचेयर पर बैठकर रोड शो कर रही हैं।

 

 

 

रोडशो के बाद ममता बनर्जी हाजरा में एक जनसभा को भी संबोधित करेंगी। ममता सोमवार से व्हीलचेयर पर बैठकर ही प्रदेश के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में रैलियां करेंगी। ममता पहली नेता हैं, जो व्हीलचेयर पर बैठकर रोड शो और चुनावी रैलियां करेंगी। 

इसी बीच खबर यह भी है कि तृणमूल कांग्रेस ने अपने चुनावी घोषणापत्र को जारी करने की तारीख एक बार फिर से आगे बढ़ा दी है। तृणमूल कांग्रेस ने जानकारी दी है कि आज उनका चुनावी घोषणापत्र जारी नहीं होगा। पार्टी ने बताया है कि मेनिफेस्टो लॉन्चिंग का यह कार्यक्रम अब 17 मार्च को किया जाएगा। इसके पहले 11 मार्च को यह तय था लेकिन ममता के घायल होने की वजह से इसे टाल दिया गया। माना जा रहा है कि इसे दूसरी बार ममता बनर्जी के  रोड शो की वजह से टाला गया है। इस बीच, बीजेपी आज अपने उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी करेगी।

ममता बनर्जी को बुधवार 10 मार्च को नंदीग्राम में चुनाव प्रचार के दौरान चोट लगी थी। जिस वक्त उन्हें चोट लगी, वे नंदीग्राम से उम्मीदवारी का पर्चा भरने के बाद, कार के फुटबोर्ड पर खड़ी होकर लोगों का अभिवादन स्वीकार कर रही थीं। ममता का आरोप है कि इसी दौरान चार-पांच लोगों ने उन पर हमला कर दिया, जिससे उनके पैर समेत शरीर के कई हिस्सों में चोट लगी है। ममता को नंदीग्राम से फौरन कोलकाता लाकर सरकारी अस्पताल एसएसकेएम में भर्ती कराया गया।

डॉक्टरों के मुताबिक ममता को कई जगह चोट लगी है। एक पैर की हड्डी में फ्रैक्चर होने और लिगामेंट में चोट लगने की जानकारी भी सामने आई है। हालांकि शनिवार को ममता के कहने पर उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। तृणमूल कांग्रेस ने चुनाव आयोग से शिकायत की है कि ममता बनर्जी पर एक साजिश के तहत जानबूझकर हमला किया गया।