अमिताभ के घर और तीन रेलवे स्टेशन पर रखा गया है बम, एक फोन कॉल से मुंबई पुलिस में मचा हड़कंप

शुक्रवार देर रात आया था मुंबई पुलिस को फोन, छत्रपति शिवाजी टर्मिनस, दादर और भायखला स्टेशन पर बम रखे जाने की मिली थी धमकी, अमिताभ बच्चन के बंगले पर भी बम रखे जाने की फोन करने वाले व्यक्ति ने कही थी बात

Updated: Aug 07, 2021, 06:54 AM IST

Photo Courtesy: Indulge Express
Photo Courtesy: Indulge Express

मुंबई। एक फोन कॉल ने मुंबई पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया। मुंबई पुलिस कंट्रोल रूम को एक फोन कॉल के ज़रिए यह सूचना दी गई कि अमिताभ बच्चन के बंगले और शहर के तीन रेलवे स्टेशनों पर बम रखे गए हैं। इस फोन कॉल के बाद मुंबई पुलिस तुरंत हरकत में आई और बताए हुए जगहों की तलाशी लेने पहुंच गई। 

शुक्रवार देर रात मुंबई पुलिस कंट्रोल रूम में एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन किया था। कंट्रोल रूम में फोन करने वाले व्यक्ति ने बताया कि बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन के जुहू स्थित बंगले और छत्रपति शिवाजी टर्मिनस, दादर और भायखला रेलवे स्टेशन पर बम रखे गए हैं। 

यह भी पढ़ें : जेल जाने के लिए आरोपी ने दी पीएम मोदी को जान से मारने की धमकी, दिल्ली पुलिस ने किया गिरफ्तार

इस धमकी भरे फोन कॉल पर संज्ञान लेते हुए जब मुंबई पुलिस इन जगहों पर तलाशी करने पहुंची, तब पुलिस को कोई भी संदिग्ध चीज नहीं मिली। मुंबई पुलिस को किया गया यह फोन कॉल फर्जी निकला। हालांकि पुलिस ने एहतियातन इन जगहों की सुरक्षा बढ़ा दी है। पुलिस अब फोन करने वाले व्यक्ति के लोकेशन का पता लगाने का प्रयास कर रही है। हालांकि खुद अमिताभ बच्चन के सोशल मीडिया हैंडल पर इस धमकी भरे कॉल की जानकारी नहीं है।

पुलिस को अमूमन धमक भरे फोन कॉल आते रहते हैं, जो कि अंत में फर्जी निकलते हैं। हाल ही में प्रधानमंत्री मोदी की हत्या करने की धमकी भरा कॉल भी दिल्ली पुलिस को आया था। जब पुलिस ने आरोपी को धर दबोचा तब आरोपी ने कहा कि वो दोबारा जेल जाना चाहता था इसलिए उसने दिल्ली पुलिस को यह धमकी भरा कॉल किया था।