शिल्पा और राज कुंद्रा के खिलाफ मुकदमा दर्ज, स्पा और जिम की फ्रेंचाइजी बांटने के नाम पर धोखाधड़ी का आरोप

नितिन बराई नामक शिकायतकर्ता ने शिल्पा शेट्टी, राज कुंद्रा सहित अन्य लोगों पर डेढ़ करोड़ रुपए के फ्रॉड का आरोप लगाया है, मुंबई पुलिस जल्द ही इस सिलसिले में बॉलीवुड अभिनेत्री और उनके पति से पूछताछ कर सकती है

Publish: Nov 14, 2021, 07:47 AM IST

Photo Courtesy: Hindustan Times
Photo Courtesy: Hindustan Times

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी और राज कुंद्रा के खिलाफ मुंबई पुलिस में धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई गई है। शिल्पा और राज पर शिकायतकर्ता ने डेढ़ करोड़ की धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया है। मुंबई के बांद्रा थाने में शिल्पा और राज के अलावा अन्य आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मुंबई पुलिस इस सिलसिले में जल्द ही बॉलीवुड अभिनेत्री और उनके पति से पूछताछ कर सकती है।

शिल्पा शेट्टी और राज कुंद्रा के खिलाफ नितिन बराई नामक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई है। नितिन बराई ने शिल्पा शेट्टी, राज कुंद्रा सहित काशिफ खान, दर्शित शाह और उनके साथियों पर डेढ़ करोड़ रुपए से अधिक की जालसाजी करने का आरोप लगाया है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि स्पा और जिम की फ्रेंचाइजी बांटने के नाम पर उससे एक करोड़ 59 लाख 27 हजार रुपए ठग लिए गए।

नितिन बराई के आरोपों के मुताबिक राज कुंद्रा और शिल्पा शेट्टी ने 2014 से लेकर अब तक स्पा और जिम की फ्रेंचाइजी के नाम पर कई बार धोखाधड़ी की। नितिन द्वारा लगाए गए आरोपों के मुताबिक उसने पुणे के कोरेगांव में शिल्पा और राज की फर्म मेसर्स एसएफएल प्राइवेट कंपनी की जिम और स्पा की फ्रेंचाइजी खोली थी। नितिन के मुताबिक फ्रेंचाइजी के नाम पर राज, शिल्पा सहित अन्य आरोपियों ने उससे निवेश करवाया। लेकिन उन्होंने इन पैसों का इस्तेमाल अपने निजी खर्चे के लिए कर लिया। 

नितिन बराई के मुताबिक जब उसने अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपियों ने उसे धमकाना शुरू कर दिया। नितिन की शिकायत के आधार पर मुंबई पुलिस ने तमाम आरोपियों पर आईपीसी की धारा 406,409,420,120(B) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस जल्द ही शिल्पा शेट्टी और राज कुंद्रा को पूछताछ के लिए तलब कर सकती है। 

राज कुंद्रा इससे पहले भी विवादों में पड़ चुके हैं। राज कुंद्रा पर पोर्न फिल्मों में कारोबार करने का आरोप है। जुलाई महीने में उन्हें इस सिलसिले में गिरफ्तार किया गया था। हालांकि 20 सितंबर को बॉम्बे हाई कोर्ट से उन्हें जमानत मिल गई थी।