CoronaVirus India: साल का सबसे बड़ा उछाल, 24 घंटे में आए 89 हजार से ज्यादा नए मामले, 714 मरीजों ने तोड़ा दम

195 दिनों के बाद एक दिन में दर्ज किए गए 89,129 नए मामले, 714 नई मौतों के बाद कुल मौतों की संख्या 1 लाख 64 हजार को पार कर गया, टीकाकरण अभियान में तेजी

Publish: Apr 03, 2021, 05:54 AM IST

नई दिल्ली। देश में कोरोना संक्रमण की बेकाबू रफ्तार से हालात चिंताजनक हो गए हैं। हर दिन कोरोना मामलों का रिकॉर्ड टूट रहा है। देश में छह महीने बाद पहली बार रिकॉर्ड 89 हजार से ज्यादा नए कोरोना केस आए हैं। करीब 195 दिनों के बाद 24 घंटे में 89,129 कोरोना के नए मामले दर्ज किए गए हैं। 

कोरोना की कहर ने देशभर में हड़कंप मचा दिया है। कोरोना से होने वाले मौत की संख्या में भी रिकॉर्ड इजाफा दर्ज की गई है। बीते 24 घंटे में 714 कोरोना संक्रमित मरीज दम तोड़ चुके हैं। बीते 24 मार्च के बाद आज लगातार 11वां दिन है जब देशभर में 50 हजार से ज्यादा कोरोना केस दर्ज किए गए हैं। इससे पहले 19 सितंबर को 89 हजार से ज्यादा (92,605) केस आए थे। हालांकि इस दौरान 44202 लोग कोरोना से ठीक भी हुए हैं। 

भारत में पिछले 24 घंटे में 89,129 नए मामले आने के बाद कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या 1 करोड़ 23 लाख 92 हजार 260 हुई, वहीं 714 नई मौतों के बाद कुल मौतों की संख्या 1 लाख 64 हजार 110 तक जा पहुंची है। देश में सक्रिय मामलों की कुल संख्या 6,58,909 है और डिस्चार्ज हुए मामलों की कुल संख्या 1,15,69,241 है। देश में कोरोना वैक्सीनेशन अभियान के तहत 7 करोड़ 30 लाख 54 हजार 295 लोगों को कोविड-19 का टीका लगाया जा चुका है।

जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक दुनियाभर में कोरोनावायरस के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 13 करोड़ के पार पहुंच गई है, जबकि 28 लाख 6 हजार से अधिक लोग इस बीमारी से अपनी जान गंवा चुके हैं। कोरोना संक्रमितों की संख्या में दुनियाभर में भारत तीसरे स्थान पर है। कोरोना महामारी से सबसे ज्यादा प्रभावित अमेरिका है। रिकवरी मामले में भारत दूसरे स्थान पर है, वहीं अमेरिका पहले स्थान पर है। कोरोना से सार्वधिक मौत के मामले में अमेरिका, ब्राजील और मैक्सिको के बाद भारत चौथे स्थान पर है।