नेशनल हेराल्ड केस में आज सोनिया गांधी से पूछताछ करेगी ईडी, देशभर में प्रदर्शन करेंगे कांग्रेस कार्यकर्ता
राहुल गांधी के बाद अब ईडी कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से पूछताछ करेगी। कांग्रेस पार्टी ने इसे राजनीतिक प्रतिशोध करार दिया है, कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने बताया कि सोनिया गांधी की तबियत ठीक नहीं है

नई दिल्ली। केंद्रीय जांच एजेंसी प्रवर्तन निदेशालय (ED) नेशनल हेराल्ड केस में गुरुवार को कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से पूछताछ करेगी। कांग्रेस कार्यकर्ता इसके विरोध में देश भर में प्रदर्शन करेंगे। सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस ने सोनिया गांधी की पेशी के मद्देनजर ही गुरुवार सुबह वरिष्ठ नेताओं की बैठक बुलाई है, जिसमें आगे की रणनीति तय की जाएगी।
रिपोर्ट्स के मुताबिक सोनिया गांधी के साथ उनके डॉक्टर और वकील भी ईडी दफ्तर जाएंगे। राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने बताया कि सोनिया गांधी बीमार हैं। उन्होंने ट्वीट किया, 'सोनिया जी की तबियत ठीक नहीं है और उन्हें ED कार्यालय बुलाया जा रहा है। मोदीशाह जी शर्म करो। ED दफ़्तर बुलाने के बजाय सोनिया जी से लिखित में प्रश्नों के उत्तर पूछ लेते। यह पूरा प्रकरण राजनीतिक उत्पीड़न का है। लेकिन मोदीशाह यह भूल जाते हैं कि नेहरू गांधी परिवार व कॉंग्रेस ना झुके हैं ना डरे हैं।'
सोनिया जी की तबियत ठीक नहीं है और उन्हें ED कार्यालय बुलाया जा रहा है। मोदीशाह जी शर्म करो। ED दफ़्तर बुलाने के बजाय सोनिया जी से लिखित में प्रश्नों के उत्तर पूछ लेते।
— digvijaya singh (@digvijaya_28) July 21, 2022
4/n @INCIndia @narendramodi_in @AmitShah
बताया जा रहा है कि कांग्रेस ने सोनिया गांधी की पेशी पर शक्ति प्रदर्शन की योजना बनाई है। इसके लिए पार्टी ने बड़े पैमाने पर तैयारी की है। राजधानी दिल्ली में संसद से सड़क तक कांग्रेस के आक्रामक तेवर दिखेंगे। कांग्रेस के सांसद ईडी की कार्रवाई के खिलाफ सदन में वॉकआउट करेंगे। इसके बाद कांग्रेस दफ्तर पहुंचेंगे। सोनिया गांधी 10 जनपद से निकलकर ईडी दफ्तर पहुंचेंगी। इसके बाद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत कांग्रेस के तमाम सांसद और नेता ईडी दफ्तर की तरफ मार्च करेंगे।
कांग्रेस मुख्यालय के बाहर सुबह से ही भारी संख्या में पुलिसबल को तैनात किया गया है और बैरिकेडिंग लगाए गए हैं। कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख जयराम रमेश ने कहा, 'आज सुबह से ही दिल्ली पुलिस-निश्चित रूप से गृह मंत्रालय से आदेश लेकर मीडिया को कांग्रेस पार्टी मुख्यालय में प्रवेश करने से रोक रही है। यह मोदी सरकार की मानसिकता को दर्शाता है।'
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि, 'सोनिया गांधी वह महिला हैं जिनकी सास और पति देश के लिए शहीद हो गए। सरकार को इतनी शर्म नहीं आती है कि आप किसके साथ किस तरह का व्यवहार कर रहे हैं। ED वाले उनके घर जाकर बयान ले सकते थे, कई बार ऐसा किया गया है कि ED घर जाकर बयान लेती है।'