कैबिनेट विस्तार के लिए दिल्ली रवाना हुए देवेंद्र फडणवीस, एकनाथ शिंदे की तबीयत बिगड़ी

मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली सरकार के गठन को एक महीने से भी ज्यादा का वक्त हो गया है। लेकिन इसके कैबिनेट विस्तार को लेकर तस्वीर अभी साफ नहीं है। इसी बीच खबर आई है कि कैबिनेट की लिस्ट को लेकर चर्चा करने देवेंद्र फडणवीस दिल्ली के रवाना हो गए, जबकि सीएम एकनाथ शिंदे ने सारी बैठकें रद्द कर दी है।

Updated: Aug 04, 2022, 01:26 PM IST

मुंबई। महाराष्ट्र में एक महीने से अधिक समय से अटका कैबिनेट का विस्तार शुक्रवार को हो सकता है। मंत्रिमंडल विस्तार पर चर्चा के लिए प्रदेश के डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस दिल्ली रवाना हो गए हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक यहां वे संभावित मंत्रियों की लिस्ट पर बीजेपी नेतृत्व के साथ चर्चा करेंगे। उधर मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने सारी बैठकों को रद्द कर दिया है।मुख्यमंत्री कार्यालय ने कहा कि एकनाथ शिंदे  अस्वस्थ्य महसूस कर रहे हैं।

सीएमओ ने इस संबंध में बयान जारी कर कहा, 'मुख्यमंत्री पिछले कुछ दिनों से अधिक व्यस्त रहने के कारण अस्वस्थ महसूस कर रहे थे। इसलिए उन्होंने एक दिन आराम करने का फैसला किया है। उनका गुरुवार का आधिकारिक कार्यक्रम रद्द कर दिया गया है।'

यह भी पढ़ें: हम नरेंद्र मोदी से नहीं डरते, जो करना है कर लें, पुलिस की घेराबंदी पर राहुल गांधी ने दिखाए तेवर

बता दें कि एकनाथ शिंदे के नेतृत्‍व वाले शिवसेना के बागी गुट ने बीजेपी के साथ मिलकर राज्‍य में सरकार बनाई है लेकिन मंत्रियों का शपथ ग्रहण अब तक नहीं हो पाया है। पिछले करीब सवा माह से सीएम शिंदे और डिप्‍टी सीएम फडणवीस ही सरकार चला रहे हैं। शिंदे की अस्‍वस्‍थ्‍यता के बीच कैबिनेट लिस्‍ट पर बीजेपी लीडरशिप से चर्चा के लिए फडणवीस दिल्‍ली रवाना हुए हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक यदि नामों पर सहमति बन जाती है तो कैबिनेट विस्‍तार शुक्रवार को हो सकता है।

मीडिया सूत्रों के मुताबिक बीजेपी के आठ और एकनाथ शिंदे गुट से सात नेता मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पहले ही कह चुके हैं कि जिसके जितने विधायक हैं उसी अनुपात में मंत्री बनेंगे। बताया जा रहा है की विभाग के बंटवारे को लेकर भी काफी हद तक सहमति बन गई है लेकिन कुछ मंत्रालय को लेकर जो पेंच फंसा है उस पर चर्चा करने के लिए फडणवीस दिल्ली आ रहे हैं।