किसानों का आज दिल्ली में प्रदर्शन, सरकार ने की रोकने की तैयारी

केंद्र सरकार के नए कृषि क़ानूनों का विरोध कर रहे हैं किसान, सरकार ने उन्हें रोकने के लिए कड़े बंदोबस्त किए हैं, इसी कोशिश के तहत मेट्रो भी 2 बजे तक नोएडा, गुरुग्राम, गाजियाबाद, फरीदाबाद नहीं जाएगी

Updated: Nov 26, 2020, 05:23 PM IST

Photo Courtesy: LiveHindustan.com
Photo Courtesy: LiveHindustan.com

नई दिल्ली। देश भर के किसानों का आज दिल्ली में प्रदर्शन होना है। लेकिन सरकार ने किसानों को देश की राजधानी में घुसने न देने की पूरी तैयारी कर ली है। हरियाणा बॉर्डर पर कड़े सुरक्षा बंदोबस्त किए गए हैं। हर हलचल पर नज़र रखने के लिए ड्रोन कैमरों से निगरानी की जा रही है।

दरअसल देश के तमाम प्रमुख किसान संगठनों ने केंद्र सरकार के तीन नए कृषि कानूनों के विरोध में आज दिल्ली में प्रदर्शन का एलान किया है। खास बात यह है कि देश की प्रमुख ट्रेड यूनियनों ने भी आज आम हड़ताल घोषित की है और किसान आंदोलन के समर्थन का एलान भी किया है। किसानों-कामगारों-कर्मचारियों की इस व्यापक एकता की संभावना की वजह से सरकार ज़्यादा चिंतित है। उसी का नतीजा है कि दिल्ली की सीमाओं पर किसानों को रोकने की तैयारी कुछ ऐसे अंदाज़ में की गई है, मानो देश के किसान नहीं कोई दुश्मन हों। 

उधर किसान संगठनों की अगुवाई में आज हजारों किसानों ने भी अपने देश की राजधानी में दस्तक देने की ठान रखी है। किसान आंदोलन के चलते दिल्ली मेट्रो की छह लाइनों की सेवाएं भी प्रभावित हो रही हैं। दिल्ली-हरियाणा के सिंघू बॉर्डर पर भारी सुरक्षाबल तैनात है। हरियाणा में करनाल के पास भी पुलिस ने बैरिकेटिंग की है।  

किसान संगठन पहले ही एलान कर चुके हैं कि दिल्ली चलो की मुहिम हर हाल में जारी रहेगी। सरकार किसानों को अपने ही देश की राजधानी में पहुंचने से नहीं रोक सकती और अगर किसानों को रोका गया, तो उन्हें जहां रोकेंगे वहीं पर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया जाएगा। आपको बता दें कि हरियाणा सरकार ने आंदोलन को दबाने के लिए पिछले कुछ दिनों के दौरान दर्जनों किसान नेताओं को उनके घरों से गिरफ्तार किया है। लेकिन किसान संगठनों का दावा है कि इन दमनकारी उपायों से उनके हौसले पस्त नहीं होंगे। 

किसानों का दिल्ली में प्रवेश रोकने के लिए भी पुलिस की पूरी तैयारी है। दिल्ली पुलिस ने कहा है कि कोरोना संक्रमण के दौर में अगर किसान दिल्ली में जमा होते हैं तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।  

2 बजे तक नोएडा, गुरुग्राम, गाजियाबाद, फरीदाबाद नहीं जाएगी मेट्रो

किसानों के प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली मेट्रो ने अपनी टाइमिंग में कुछ तब्दीलियां की हैं। दोपहर 2 बजे तक दिल्ली से नोएडा, फरीदाबाद, गाजियाबाद और गुरुग्राम तक मेट्रो सेवाएं नहीं चलेंगी। 

(इस खबर में जैसे-जैसे अपडेट होगा, हम आपको बताते रहेंगे।)