लखनऊ कोर्ट परिसर में फायरिंग, गैंगस्टर संजीव माहेश्वरी की हत्या, वकील की ड्रेस में आए थे हत्यारे

वकील की ड्रेस में आये हत्यारे ने कुख्यात अपराधी संजीव माहेश्वरी उर्फ जीवा को मारी पांच गोली। एक बच्ची और एक सिपाही को भी लगी गोली। लखनऊ कोर्ट के बाहर हुई वारदात।

Updated: Jun 07, 2023, 05:20 PM IST

लखनऊ। भाजपा शासित उत्तरप्रदेश में गैंगवार की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही है। अतीक और अशरफ के बाद अब गैंगस्टर संजीव माहेश्वरी उर्फ जीवा की पुलिस के सामने गोली मारकर हत्या कर दी गई। शूटआउट की यह वारदात लखनऊ कोर्ट परिसर की है, जहां वकील की ड्रेस में आए हत्यारे ने संजीव को ताबड़तोड़ पांच गोलियां मारी। 

पश्चिमी यूपी का कुख्यात अपराधी संजीव माहेश्वरी उर्फ जीवा फिलहाल लखनऊ की जेल में बंद था। बुधवार को उसे पेशी के लिए कोर्ट लाया गया था। जहां हमलावर ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसाई। इस दौरान एक बच्ची और एक सिपाही को भी गोली लगी। बताया जा रहा है इलाज के दौरान बच्ची की भी मौत हो गई।

लखनऊ कोर्ट परिसर में हुई इस वारदात ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। मारा गया गैंगस्टर संजीव महेश्वरी कृष्णा नंद राय हत्याकांड का आरोपी था। हालांकि, बाद में सबूतों के अभाव में उसे बरी कर दिया गया था। पश्चिमी उत्तर प्रदेश का इसे दुर्दांत अपराधी माना जाता था। पिछले साल शामली में भी इसके ऊपर केस दर्ज हुआ था। एके 47 बेचने का आरोप भी संजीव जीवा पर था। संजीव जीवा को अपराध की दुनिया में डॉक्टर के नाम से जाना जाता था। यह मूल रूप से मुजफ्फरनगर का रहने वाला था।

जीवा पर साल 2017 में कारोबारी अमित दीक्षित उर्फ गोल्डी हत्याकांड में भी आरोप लगे थे, इसमें जांच के बाद अदालत ने जीवा समेत 4 आरोपियों को उम्रकैद की सजा सुनाई थी। जीवा फिलहाल लखनऊ की जेल में बंद था। साल 2021 में जीवा की पत्नी पायल ने चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया को पत्र लिखकर कहा था कि संजीव की जान को खतरा है।