किसान आंदोलन का चौथा दिन: आज ग्रामीण भारत बंद बुलाया, हरियाणा-पंजाब में दिख रहा असर

केंद्र सरकार संग बेनतीजा रही तीसरे दौर की बैठक के बाद किसानों ने आज भारत बंद का आह्वान किया है। इस दौरान जरूरी सेवाओं को छोड़कर बाकी सभी सेवाओं पर प्रतिबंध रहेगा।

Updated: Feb 16, 2024, 10:28 AM IST

नई दिल्ली। केंद्र सरकार और किसान नेताओं के बीच गुरुवार को हुई तीसरे दौर की बातचीत भी बेनतीजा रही। पंजाब और हरियाणा के बॉर्डर्स के रास्ते दिल्ली कूच को लेकर तैयारियों के बीच तीन केंद्रीय मंत्रियों ने किसान नेताओं के साथ चंडीगढ़ में तीसरे दौर की बातचीत की। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान भी इस बैठक में शामिल हुए। यह बैठक देर रात करीब डेढ़ बजे समाप्त हुई। हालांकि बैठक में किसानों की सभी मांगों पर एक बार फिर से कोई सहमति नहीं बन सकी। अब रविवार को एक बार फिर से चौथे दौर की बातचीत होगी।

इस बीच संयुक्त किसान मोर्चा ने आज यानी कि 16 फरवरी को भारत बंद का आह्वान किया है। ट्रक और ट्रेड यूनियन भी किसानों के भारत बंद में शामिल हैं। दिल्ली से लेकर पंजाब, हरियाणा और यूपी पर अलर्ट जारी कर दिया गया है। पंजाब में भारत बंद के दौरान भी रेलवे ट्रैक और टोल प्लाजा प्रभावित रहेंगे। प्राइवेट बसों को भी बंद रखने का कहा गया है। वहीं, हरियाणा के हिसार के सिसाय कालीरमण में गुरुवार को पंचायत कर 50 सदस्यीय कमेटी बनाई गई। 2 दिन में मांगें न मानने पर दिल्ली बॉर्डर पर जाने का फैसला लिया। 

उधर, फतेहाबाद में पगड़ी संभाल जट्टा किसान संघर्ष समिति ने कहा ​कि एसकेएम कॉल देगा तो दिल्ली कूच कर देंगे। उधर, दिल्ली पुलिस ने किसानों के कूच को देखते हुए आंसू गैस के 30 हजार गोलों का ऑर्डर दिया है। किसानों के भारत बंद को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा के सख्त इंतजाम किए है। किसान संगठनों से शांतिपूर्ण प्रदर्शन का आह्वान किया जा रहा है।