Chandrakant Kavelkar: गोवा के उपमुख्यमंत्री पर पॉर्न क्लिप भेजने का आरोप, अब कहा फोन हैक हो गया था
रविवार को रात 1.20 बजे व्हॉट्सऐप ग्रुप में भेजी गई थी पॉर्न क्लिप, कावेलकर बोले मैं उस समय सो रहा था, शरारती तत्वों ने छवि खराब करने के लिए भेजी क्लिप

पणजी। सामाजिक कार्यकर्ताओं के एक व्हॉट्सऐप ग्रुप में पॉर्न क्लिप भेजने के आरोप में घिरे गोवा के उप मुख्यमंत्री चंद्रकांत बाबू कावेलकर अब दावा कर रहे हैं कि उनके फोन से यह क्लिप जिस समय भेजी गई, उस वक्त वे गहरी नींद में सो रहे थे। कावेलकर ने यह दावा भी किया है कि उनका फोन हैक किया गया था। डिप्टी सीएम ने इस सिलसिले में गोवा पुलिस के पास एक शिकायत भी दर्ज कराई है। कावेलकर के फोन से यह पॉर्न क्लिप 18 और 19 अक्टूबर की दरम्यानी रात को एक बजकर 20 मिनट पर भेजी गई। विपक्ष ने भी यह क्लिप भेजने के मामले में उनके खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
कावेलकर ने कहा कि यह काम शरारती तत्वों का है और वे तो अपने फोन के पास भी नहीं थे। उन्होंने कहा कि 'विलेजेस ऑफ गोवा' नाम के व्हॉट्सऐप ग्रुप में भेजी गई यह क्लिप उनकी छवि को खराब करने की साजिश है। उन्होंने कहा पहले भी उनकी छवि खराब करने की कोशिशें होती रही हैं। कावेलकर ने उनका फोन हैक कर ऐसी हरकत करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
दूसरी तरफ विपक्ष ने भी कावेलकर के खिलाफ पुलिस में शिकायत की है। गोवा कांग्रेस ने कावेलकर के खिलाफ व्हॉट्सऐप पर अश्लील सामग्री भेजने का आरोप लगाया है। ऐसी ही एक शिकायत गोवा की फॉरवर्ड पार्टी की महिला विंग ने भी दर्ज कराई है। संगठन ने कावेलकर के खिलाफ यह कहते हुए एफआईआर दर्ज करने की मांग की है कि उन्होंने जानबूझकर व्हॉट्सऐप पर पॉर्न क्लिप भेजी।
चंद्रकांत बाबू कावेलकर पहले कांग्रेस में थे। पिछले साल वे बीजेपी में शामिल हो गए। इसका उन्हें ईनाम भी मिला और वे गोवा सरकार में उप मुख्यमंत्री बना दिए गए। जबकि इस पद पर पहले गोवा फॉरवर्ड पार्टी के विजय सरदेसाई को नियुक्त करने की बात हो रही थी।