गोल्डन बॉय नीरज चोपड़ा को परम विशिष्ट सेवा मेडल, 384 लोगों को मिलेगा वीरता पुरस्कार

गणतंत्र दिवस पर ओलिंपिक गोल्ड मेडलिस्ट जेवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा का सम्मान, शांति और सेवा क्षेत्र में असाधारण कार्य करने वाले रक्षा कर्मियों को दिया जाता यह सम्मान

Updated: Jan 25, 2022, 12:39 PM IST

Photo Courtesy: times of India
Photo Courtesy: times of India

टोक्यो ओलिंपिक में इतिहास रचने वाले नीरज चोपड़ा को 73वें गणतंत्र दिवस के मौके पर परम विशिष्ट सेवा मेडल से सम्मानित किया जाएगा। भाला फेंक प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीतने वाले नीरज को राष्ट्रपति सम्मानित करेंगे। नीरज भारतीय सेना के राजपूताना राइफल्स में पोस्टेड हैं। ओलंपिक गोल्ड जीतने वाले नीरज के सम्मान का सिलसिला जारी है। नीरज ट्रैक एंड फील्ड इवेंट में गोल्ड मेडल जीतने वाले पहले भारतीय एथलीट हैं। टोक्यो ओलंपिक में उन्होंने 87.58 मीटर दूर भाला फेंककर इतिहास रचा था। नीरज चोपड़ा किसी भी ओलंपिक में व्यक्तिगत गोल्ड जीतने वाले दूसरे भारतीय हैं। इनसे पहले2008 बीजिंग ओलिंपिक में अभिनव बिंद्रा ने शूटिंग में भारत के लिए गोल्ड मेडल जीता था। फिलहाल नीरज चोपड़ा अमेरिका में अगामी प्रतियोगिताओं की ट्रेनिंग में लगे हैं। वे अब वर्ल्ड चैम्पियनशिप, डायमंड लीग के साथ राष्ट्रमंडल खेलों और एशियाई खेलों के लिए खुद को तैयार कर रहे हैं।

नवंबर 2021 में उन्हें 'मेजर ध्यानचंद खेल रत्न' पुरस्कार से नवाजा गया था। परम विशिष्ट सेवा मेडल भारत का एक सैन्य पुरस्कार है। जो कि शांति और सेवा क्षेत्र में असाधारण कार्य करने वाले रक्षा कर्मियों को मिलता है। वहीं नीरज चोपड़ा के अलावा सेना के कुल 384 जवानों और अफसरों को वीरता पुरस्कार की भी घोषणा की गई है। जिसमें 12 शौर्य चक्र, 29 परम विशिष्ट सेवा मेडल, 4 उत्तम युद्ध सेवा मेडल, 53 अति विशिष्ट सेवा मेडल, 13 युद्ध सेवा मेडल शामिल हैं।

और पढ़ें: गोल्डन ब्वॉय नीरज चोपड़ा का सम्मान, भारतीय डाक विभाग ने खिलाड़ी के गांव में लगाया गोल्डन पोस्ट बॉक्स

वहीं साल 2021 के लिए जीवन रक्षा पदक श्रंखला में 51 लोगों का सम्मान होगा। जिसमें 6 लोगों को सर्वोत्तम रक्षा पदक, 16 को उत्तम जीवन रक्षा पदक और 29 को जीवन रक्षा पदक से नवाजा जाएगा। अपनी जान पर खेलकर दूसरों की जान बचाने वाले 51 विजेताओं में से 5 लोगों को मरणोपरांत पुरस्कार प्रदान किया जा रहा है।