BJP का गुजरात मॉडल: CM के साथ बदल डाली पूरी सरकार, 24 नए मंत्रियों ने ली शपथ

सीएम भूपेंद्र पटेल के कैबिनेट में होगा पटेल नेताओं का दबदबा, 7 पटेल विधायक बने मंत्री, ओबीसी के 6 लोगों को कैबिनेट में मिली जगह, 2 ब्राह्मण, 2 क्षत्रिय, 2 SC, 3 ST, 1 जैन और दो महिलाओं को बनाया गया मंत्री

Updated: Sep 16, 2021, 09:42 AM IST

Photo Courtesy: TOI
Photo Courtesy: TOI

गांधीनगर। गुजरात में सरप्राइज सीएम के बाद बीजेपी ने अब सरप्राइज कैबिनेट दिया है। भूपेंद्र पटेल के कैबिनेट से सभी मंत्रियों को बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है। पटेल कैबिनेट में सभी नए नेताओं को जगह दी गई है। बीजेपी का यह फैसला चौंकाने वाला है। राजनीतिक जानकार इसे अनुभवहीन कैबिनेट बता रहे हैं।

गांधीनगर में आज दोपहर डेढ़ बजे भूपेंद्र पटेल कैबिनेट का शपथग्रहण शुरू हुआ। गांधीनगर स्थित राजभवन में राज्यपाल आचार्य देवब्रत ने सभी नए मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलवाई। मंत्रिमंडल में जातिगत समीकरण की बात करें तो सबसे ज्यादा मंत्री सीएम ने अपनी जाति के लोगों को बनाया है। कैबिनेट में पटेल जाती से 7 लोग हैं। आगामी 2022 विधानसभा चुनाव में पटेल जाती को साधने के लिए इसे बीजेपी का हथकंडा माना जा रहा है। 

इसके अलावा ओबीसी समुदाय के 6 लोगों को मंत्री बनाया गया है। वहीं ब्राह्मण समाज के 2 और क्षत्रिय समुदाय के 2 लोग मंत्री बने। कैबिनेट में सिर्फ 2 ही महिलाओं को जगह मिली है। अनुसूचित जाति (SC) के 2, अनुसूचित जनजाति (ST) के तीन और एक जैन समुदाय के नेता को मंत्री बनाया गया है। नए मंत्रिमंडल में 10 कैबिनेट और 14 राज्य मंत्री बनाए गए हैं।

इस तरह गुजरात में बीजेपी हाईकमान ने कोई फेरबदल नहीं किया है बल्कि देखा जाए तो एक नई सरकार ही बना डाली है। विजय रूपाणी से इस्तीफा लेकर भूपेंद्र पटेल को नाटकीय रूप से मुख्यमंत्री बनाने के बाद अब पूरा मंत्रिमंडल को ही नया कर दिया गया है। मंत्रिमंडल में गुजरात बीजेपी के सबसे दिग्गज नेताओं नितिन पटेल, भूपेंद्र सिंह जैसे लोगों तक को जगह नहीं दी गई। माना जा रहा है कि इससे बीजेपी में अन्तर्कलह की स्थिति उत्पन्न हो सकती है जिसका आगामी चुनाव में पार्टी को काफी नुकसान होगा।

ये हैं गुजरात मंत्रिमंडल के चेहरे

भूपेंद्र पटेल सरकार में जितेंद्र वघानी, राघवजी पटेल, ऋषिकेश पटेल, किरीट सिंह राणा, प्रदीप परमार, पूर्णेश मोदी, राजेंद्र त्रिवेदी, कनुभाई देसाई, नरेश पटेल, अर्जुन सिंह चौहान को कैबिनेट मंत्री की शपथ दिलाई गई है। इसके अलावा जगदीश पांचाल, बृजेश मेरजा, जीतू चौधरी, अरविंद रैयाणी, राघव मकवाणा, कीर्ति वाघेला, मनीषा वकील, निमिषा बेन, हर्ष सांघवी, मुकेश पटेल, गजेंद्र सिंह परमार, कुबेर ढिंडोर, विनोद मरोडिया और देवा भाई मालव ने राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार के तौर पर शपथ ली है।