आंध्र प्रदेश में भीषण सड़क हादसा, टक्कर के बाद बस में लगी आग, 14 यात्रियों की जिंदा जलकर मौत

आंध्र प्रदेश के मरकापुरम जिले में रायवरम के पास प्राइवेट बस और डंपर की टक्कर के बाद बस में भीषण आग लग गई। हादसे में 14 यात्रियों की जिंदा जलकर मौत हो गई।

Updated: Mar 26, 2026, 10:52 AM IST

मरकापुरम। आंध्र प्रदेश के मरकापुरम जिले में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। दुर्घटना में 14 यात्रियों की जिंदा जलकर मौत हो गई। जबकि, 23 लोग घायल हो गए। रायवरम के पास एक प्राइवेट ट्रैवल बस और डंपर की आमने-सामने टक्कर के बाद बस में अचानक आग लग गई जिससे यह भयावह हादसा हुआ।

यह दुर्घटना सुबह करीब 6 बजे हुई जब हरिकृष्णा ट्रैवल्स की बस तेलंगाना के निर्मल से नेल्लोर जा रही थी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में तुरंत आग भड़क उठी। आग तेजी से फैलने के कारण कई यात्रियों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल पाया। राहत और बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने की कोशिश की लेकिन आग पर पूरी तरह काबू पाने में करीब तीन घंटे का समय लग गया।

मरकापुरम के पुलिस अधीक्षक वी हर्षवर्धन राजू ने बताया कि हादसे में डंपर चालक समेत 23 घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बस में 35 से अधिक यात्री सवार थे। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। इस घटना पर आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने गहरा शोक व्यक्त किया है और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताई है।

देश में बस हादसों के दौरान आग लगने की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं। बीते 25 दिसंबर 2025 को कर्नाटक के चित्रदुर्ग में एक स्लीपर बस और तेज रफ्तार लॉरी की टक्कर के बाद आग लग गई थी। उस दौरान 6 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई थी। उस समय बस में 30 से ज्यादा यात्री सवार थे और अधिकतर यात्री सो रहे थे। जिसकी वजह से उन्हें बचने का मौका नहीं मिल सका था।

इसी तरह राजस्थान के जैसलमेर-जोधपुर हाईवे पर भी एक एसी स्लीपर बस में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने से 20 यात्रियों की जान चली गई थी। यह हादसा उस वक्त हुआ था जब बस जैसलमेर से जोधपुर जा रही थी और रास्ते में अचानक बस के पिछले हिस्से से धुआं उठने लगा था।