दिवाली तक शुरू हो जाएगी JIO की 5G सेवा, अंबानी का दावा- यह दुनिया का सबसे तेज नेटवर्क होगा

मुकेश अंबानी ने सोमवार को रिलायंस AGM की बैठक में बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि दिवाली से देश के चुनिंदा में 5G सेवा शुरू हो जाएगी, जबकि दिसंबर 2023 तक पूरे देश में 5G सेवाएं शुरू होंगी

Updated: Aug 29, 2022, 11:29 AM IST

मुंबई। रिलायंस जियो ने कंपनी की 45वीं AGM के दौरान भारत में 5G इंफ्रास्ट्रक्चर को रोल आउट करने की घोषणा की है। मीटिंग में कंपनी के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने बताया कि इस साल दिवाली तक 5G की शुरुआत होगी। हालांकि, शुरुआत में दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, कोलकाता व अन्य बड़े शहरों के लिए यह सुविधा होगी। साल 2023 के अंत तक पूरे भारत में 5G सर्विस मिलने लगेगी।

AGM को संबोधित करते हुए मुकेश अंबानी ने कहा कि, 'जियो 5G दुनिया का सबसे बड़ा और सबसे एडवांस्ड 5G नेटवर्क होगा। हम 5G के सबसे लेटेस्ट वर्जन को डिप्लॉय करेंगे, जिसे स्टैंडअलोन 5G कहा जाता है। इसकी 4G नेटवर्क पर शून्य निर्भरता है। स्टैंडअलोन 5G के साथ जियो लो लेटेंसी कनेक्टिविटी, बड़े पैमाने पर मशीन-टू-मशीन कम्युनिकेशन, 5G वॉयस, और मेटावर्स जैसी नई और पावरफुल सर्विसेज प्रोवाइड करेगा।'

यह भी पढ़ें: शेयर बाजार धड़ाम, सेंसेक्स 1200 अंक और निफ्टी 370 अंक लुढ़का, लाल निशान में सभी सेक्टर

अंबानी ने इस दौरान बताया कंपनी 5G सर्विस के लिए शुरुआती चरण में 2 लाख करोड़ रुपए का निवेश करेगी। उन्होंने कहा कि जियो ने माइक्रोसॉफ्ट, मेटा और इंटल के साथ भी साथ भी पार्टनरशिप की है। क्वालकॉम के साथ पार्टनरशिप का ऐलान किया गया है। मुकेश अंबानी ने आगे कहा कि दुनिया के कई हिस्सों में गंभीर आर्थिक तनाव है, बढ़े हुए भू-राजनीतिक तनाव और वैश्विक जोखिमों से अनिश्चितता की स्थिति है। वैश्विक संकट के बीच भारत वृद्धि एवं स्थायित्व के एक प्रकाश-स्तंभ के रूप में सामने आया है।

इसके अलावा कंपनी ने अपने ग्राहकों को Virtual PC का भी तोहफा दिया है। एजीएम में कंपनी ने अपनी नई सर्विस Jio AirFiber और Jio Cloud PC के बारे में भी बताया। कंपनी का दावा है कि Jio Cloud PC आपके मंहगे लैपटॉप और डेस्कटॉप खरीदने के खर्च को कम कर देगा। Jio AirFiber का उपयोग करके, लोग कंप्यूटर हार्डवेयर खरीदने और समय-समय पर इसे अपग्रेड करने से संबंधित सभी खर्चों को दूर कर सकते हैं, और क्लाउड में होस्ट किए गए वर्चुअल पीसी का उपयोग करने का विकल्प चुन सकते हैं। इसे ही Jio Cloud PC कहा जा रहा है।