UP में बीजेपी ने फूंका बिगुल, जेपी नड्डा ने लॉन्च किया बूथ विजय अभियान, बोले- योगी के मुकाबले दूर-दूर तक कोई नहीं

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर मिशन मोड में बीजेपी, शुरू किया बूथ विजय अभियान, सभी बूथों पर लगाए गए थे LED स्क्रीन्स, जेपी नड्डा ने योगी को बताया सर्वाधिक लोकप्रिय नेता

Updated: Sep 11, 2021, 12:30 PM IST

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर बीजेपी मिशन मोड में जुटी हुई है। बीजेपी ने शनिवार को औपचारिक रूप से चुनावी बिगुल फूंक दिया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने आज बूथ विजय अभियान को लॉन्च किया। नड्डा ने इस दौरान सीएम योगी आदित्यनाथ को सबसे लोकप्रिय नेता करार देते हुए कहा कि उनके मुकाबले दूर-दूर तक कोई नहीं है।

UP ने विकास के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए- नड्डा

जेपी नड्डा ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश ने विकास के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। उन्होंने कहा, 'सबका साथ, सबका विकास के मंत्र के साथ हमने चुनाव जीते हैं। अगले चुनाव भी हम अपने कार्यों और कार्यकर्ताओं के सामर्थ्य के बल पर जीतेंगे। हमें बूथ से लेकर यूथ तक पहुंचना है। उप्र में पुनः प्रचंड बहुमत के साथ भाजपा का सरकार बनना तय है।'

पिछली सरकार में राम का नाम लेना दूभर था- नड्डा

जेपी नड्डा ने अपने संबोधन को योगी आदित्यनाथ सरकार द्वारा किए गए कार्यों को बताने के बजाए राम पर फोकस रखा। उन्होंने कहा कि, 'पिछली सरकारों में भगवान श्री राम का नाम लेना दूभर हो गया था, राम भक्तों पर गोलियां चलाई जाती थीं। कांग्रेस ने तो भगवान श्री राम के अस्तित्व को ही नकार दिया था। लेकिन प्रदेश में बीजेपी सरकार ने धर्म-संस्कृति को नया आयाम दिया।' 

विपक्ष पर साधा निशाना

बीजेपी अध्यक्ष ने विपक्ष को निशाने पर लेते हुए कहा कि, 'कांग्रेस, बसपा और सपा की सरकारों ने अपने परिवारों व अपने लोगों को ही फायदा पहुंचाते हुए अराजकता और भ्रष्ट्राचार फैलाया। लेकिन मोदी जी और योगी जी के नेतृत्व में आज 44 योजनाओं में यूपी नंबर वन है। प्रदेश में पिछली कांग्रेस, बसपा और सपा सरकार ने जितना काम नहीं किया, उससे अधिक  योगी सरकार ने साढ़े चार साल में कर दिखाया है।'

यह भी पढ़ें: गुजरात सीएम विजय रूपाणी ने दिया इस्तीफा, पार्टी नेतृत्व से अनबन की खबर

नड्डा ने इस दौरान दावा किया कि कोरोना काल में सिर्फ बीजेपी कार्यकर्ताओं ने लोगों की मदद की। उन्होंने कहा, 'कोरोना के समय में सभी पार्टियों के नेता और उनके कार्यकर्ता लॉकडाउन में चले गए थे। सिर्फ भाजपा के कार्यकर्ताओं ने अपनी जान जोखिम में डालकर जनता की सेवा की है। हमारा बूथ कोरोना मुक्त अभियान काफी सफल रहा है। कोई विश्वास नहीं करता था कि कोरोना मुक्त बूथ बनाने में भाजपा कार्यकर्ता आकर ऐसा कार्य करेंगे। हमारे कार्यकर्ताओं ने संकट के समय में मानवता की सेवा का अनुपम कार्य किया।'