करणी सेना के संस्थापक लोकेंद्र सिंह कालवी का निधन, दिल का दौरा पड़ने से हुई मौत

करणी सेना के संस्थापक लोकेंद्र सिंह कालवी का 80 वर्ष की उम्र में राजस्थान के जयपुर के एमएमएस अस्पताल में निधन हो गया। उनका अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव में किया जाएगा।

Updated: Mar 14, 2023, 09:27 AM IST

जयपुर। करणी सेना के संस्थापक लोकेंद्र सिंह कालवी का सोमवार देर रात हार्ट अटैक की वजह से निधन हो गया। जयपुर स्थित एसएमएस अस्पताल के डॉक्टर्स ने रात करीब 2 बजे इसकी पुष्टि की। उनका पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए राजपूत सभा भवन जयपुर में रखा जाएगा। उनका अंतिम संस्कार नागौर जिले में स्थित उनके पैतृक गांव कालवी में आज दोपहर करीब 2:30 बजे किया जाएगा।

जानकारी के मुताबिक कालवी जून 2022 से ब्रेन स्ट्रोक के चलते अस्पताल में भर्ती थे और अपना इलाज करवा रहे थे। लेकिन सोमवार देर रात हार्ट अटैक की वजह से उनका निधन हो गया। भड़काऊ भाषण और तीखे मिजाज की वजह से हमेशा सुर्खियों में रहने वाले लोकेंद्र सिंह कालवी ने 18 साल पहले करणी सेना का गठन किया था। राज्य के स्थानीय मुद्दों को बहुत ही सख्त अंदाज में उठाने वाली करणी सेना उस वक्त पूरे भारत में सुर्खियां बन गई, जब इसने लोकप्रिय निर्माता-निर्देशक संजय लीला भंसाली की फिल्म 'पद्मावत' को लेकर विरोध किया था। 

यह भी पढ़ें: बेटे ने की भागकर शादी तो लड़की के परिजनों ने पिता को पेड़ से बांधकर पीटा, फंदे पर झूलता मिला पति का शव पत्नी को हत्या की आशंका

लोकेंद्र सिंह कालवी के नेतृत्व में करणी सेना ने इस फिल्म की रिलीज को रोकने के लिए राजस्थान से लेकर मुंबई, दिल्ली और भोपाल तक कई जगह उग्र प्रदर्शन किया था। हंगामे के ही कारण कई जगहों पर फिल्म की रिलीज रोकनी पड़ी थी। उसके बाद फिल्म का नाम बदलना पड़ा था और कई दृश्यों पर कैंची चलानी पड़ी थी।

लोकेंद्र सिंह कालवी का जन्म मध्य राजस्थान के नागौर जिले के कालवी गांव में हुआ था। कालवी की पढ़ाई अजमेर में पूर्व राजपरिवारों के पसंदीदा स्कूल मेयो कॉलेज से हुई थी। उनकी हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में अच्छी पकड़ थी। इन सब के साथ ही वे बॉस्केटबॉल के अच्छे खिलाड़ी थे। उनके पिता कल्याण सिंह कालवी थे, जो थोड़े-थोड़ वक्त के लिए राज्य और केंद्र में मंत्री रहे हैं। उनके असमय चले जाने के बाद लोकेंद्र की राजनीति में एंट्री हुई। वे खुद को किसान नेता कहते थे। बाद में उन्होंने राजपूत समाज के नेता के तौर पर खुद को स्थापित किया।