सिद्धू ने पंजाब कांग्रेस का अध्यक्ष पद छोड़ा, सोनिया गांधी को भेजा इस्तीफा
सिद्धू ने सोनिया गांधी को अपना त्यागपत्र भेजते हुए कहा है कि वह पार्टी में बने रहेंगे

नई दिल्ली। पंजाब की सियासत में एक बार फिर से हलचल तेज़ हो गई है। नवजोत सिंह सिद्धू ने पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है। सिद्धू ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को अपना त्यागपत्र भेज दिया है। हालांकि उन्होंने कहा है कि वे कांग्रेस में बने रहेंगे। अपने इस्तीफे की जानकारी खुद सिद्धू ने खुद अपने ट्विटर हैंडल पर साझा की है।
नवजोत सिंह सिद्धू ने सोनिया गांधी को भेजे अपने इस्तीफे में कहा है कि किसी भी व्यक्ति के चरित्र में गिरावट समझौते से ही शुरु होती है। सिद्धू ने कहा कि वे पंजाब की जनता के भविष्य और पंजाब के कल्याण के साथ कोई समझौता नहीं कर सकते। इसलिए वे अध्यक्ष पद की कुर्सी छोड़ रहे हैं। सिद्धू ने कहा है कि वे कांग्रेस की सेवा करना जारी रखेंगे।
— Navjot Singh Sidhu (@sherryontopp) September 28, 2021
सिद्धू का इस्तीफा पंजाब सरकार में मंत्रिमंडल विस्तार के ठीक एक दिन बाद आया है। पंजाब में बीते रविवार को ही मंत्रिमंडल विस्तार किया गया था। मीडिया रिपोर्ट्स में सिद्धू के इस्तीफे को मंत्रिमंडल विस्तार से ही जोड़कर देखा जा रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर सिद्धू की राय नहीं ली गई। जिस वजह से सिद्धू नाराज़ चल रहे हैं। इससे पहले पंजाब कांग्रेस में मचे घमासान के बाद कैप्टन अमरिंदर सिंह को मुख्यमंत्री की अपनी कुर्सी छोड़नी पड़ी थी। जिसके बाद कांग्रेस ने चरणजीत सिंह चन्नी को राज्य का मुख्यमंत्री बना दिया था।
सिद्धू के इस्तीफे को लेकर अब तक कांग्रेस आलाकमान की ओर से अब तक कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। आज ही कन्हैया कुमार और जिग्नेश मेवाणी ने कांग्रेस का दामन थामा है।उम्मीद जताई जा रही है कि प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद कांग्रेस आलाकमान की ओर से सिद्धू के इस्तीफे को लेकर कोई प्रतिक्रिया सामने आएगी।