महीने में तीसरी बार बढ़ा रसोई गैस का दाम, 794 रुपए हुई एलपीजी सिलेंडर की कीमत

फरवरी महीने में तीसरी मर्तबा घरेलू गैस के दाम बढ़े हैं, दिसंबर से लेकर अब तक घरेलू गैस की कीमतों में 200 रुपए की बढ़त हो चुकी है

Publish: Feb 25, 2021, 06:39 AM IST

Photo Courtesy: DNA India
Photo Courtesy: DNA India

नई दिल्ली। निकट भविष्य में जनता को महंगाई की मार से निजात मिलने के आसार कम ही नजर आ रहे हैं। ऐसा इसलिए क्योंकि आज एक बार फिर रसोई गैस के दाम बढ़ा दिए गए हैं। देश की राजधानी दिल्ली में घरेलू गैस की कीमत में 25 रुपए का इजाफा हुआ है। इस लिहाज से एलपीजी सिलेंडर की कीमत अब 794 रुपए हो गई है। 

फरवरी में तीसरी मर्तबा बढ़े दाम 

14 किलो वाले एलपीजी सिलेंडर के दाम तीसरी मर्तबा बढ़े हैं। इससे पहले घरेलू गैस की कीमत 769 रुपए थी। सिर्फ इस महीने घरेलू गैस की कीमतों में सौ रुपए का इजाफा हुआ है। सबसे पहले महीने की शुरूआत में ही 4 फरवरी के दिन गैस के दाम 25 रुपए बढ़ाए गए थे। इसके बाद 14 फरवरी को गैस के दामों में 50 रुपए की बढ़ोतरी की गई है। और अब महीने के अंत में एक बात फिर गैस की कीमतों में 25 रुपए की बढ़ोतरी की गई है। दिसंबर से अब तक घरेलू गैस की कीमतों में 200 रुपए की वृद्धि हो चुकी है। 

घरेलू गैस के साथ साथ पेट्रोल डीजल की बढ़ती कीमतों ने भी जनता को परेशान कर रखा है। देश की जनता इस समय महंगाई की चौतरफा मार झेल रही है। देश के कई शहरों में पेट्रोल के दाम 100 का आंकड़ा पार कर चुके हैं। इस का नतीजा रोजमर्रा की दूसरी ज़रूरी चीज़ों पर भी पर रहा है। पेट्रोल डीजल के दाम बढ़ने से यातायात तो महंगा हुआ है ही, इसके साथ साथ सब्जियां और खान पान की दूसरी चीजें भी महंगी होती जा रही हैं।