रविदास जयंती के मौके पर वाराणसी पहुंची प्रियंका गांधी, लंगर में ग्रहण किया प्रसाद

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी आज संत रविदास जयंती के मौके पर वाराणसी के सीर गोवर्धन पहुंची, मत्था टेकने के बाद उन्होंने लंगर में बैठकर गुरुप्रसाद ग्रहण किया, काफी देर संगत में भी बैठी रहीं

Updated: Feb 27, 2021, 10:35 AM IST

Photo Courtesy : Twitter
Photo Courtesy : Twitter

वाराणसी। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी आज संत रविदास जयंती के मौके पर उत्तर प्रदेश के वाराणसी पहुंची हैं। संत शिरोमणि की 644वीं जयंती के मौके पर प्रियंका ने सीर गोवर्धन जाकर रविदास मंदिर में मत्था भी टेका। इस दौरान प्रियंका ने कहा कि सच्चा धर्म राजनीति नहीं सिखाता। मैं यहां आकर धन्य हो गई।

जो हम सहरी, सु मीत हमारा:  प्रियंका

प्रियंका ने संत रविदास मंदिर में मत्था टेकने के दौरान ली गई कई तस्वीरें साझा करते हुए गुरुमंत्र से सबके कल्याण की कामना की है। उन्होंने ट्वीट किया, 'जो हम सहरी, सु मीत हमारा। समता, समभाव, सेवा एवं सद्भावना का गुरुमंत्र देकर एक आदर्श समाज बनाने की प्रेरणा देने वाले संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी की जयंती पर वाराणसी में उनके चरणों में नमन करने का आज पुन: सौभाग्य मिला। श्री गुरु रविदास जी के गुरुमंत्र से सबका कल्याण हो।' 

सीर गोवर्धन स्थित संत रविदास मंदिर में आयोजित संत रविदास जयंती के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी शनिवार को सुबह 10.30 बजे लाल बहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचीं। प्रियंका के आगमन से पहले ही प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू सैकड़ों कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ वाराणसी एयरपोर्ट पर पहुंच गए थे। 

प्रियंका गांधी एयरपोर्ट से सुबह 10.40 बजे सड़क मार्ग से सीर गोवर्धन के लिए रवाना हो गयीं। वहां उन्होंने संत रविदास मंदिर में मत्था टेका। इसके बाद संत निरंजन दास का आशीर्वाद लिया। प्रियंका वहां काफी देर तक संगत में भी बैठी रहीं। उन्होंने वहां संत निरंजन दास के बगल में बैठकर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। साथ ही संत रविदास के भजन भी सुने।

धर्म बैर नहीं सिखाता :  प्रियंका

संगत में प्रियंका गांधी ने कहा कि आज यहां आकर धन्य हो गए। उन्होंने कहा कि गुरुदेव ने जिस समतामूलक समाज की परिकल्पना की थी, वैसा ही राजनीति में भी होना चाहिए। सच्चा धर्म बैर नहीं सिखाता, तोड़ता नहीं, भेदभाव नहीं करता। सच्चा धर्म सेवा और प्रेम का भाव जगाता है। आप सभी धन्यवाद के पात्र हैं जिन्होंने संत रविदास के सच्चे धर्म को जगाए रखा है। 

मंदिर दर्शन और पूजन के बाद प्रियंका गांधी संत्सग स्थल पर पहुंचीं, जहां उन्होंने लंगर में बैठकर प्रसाद ग्रहण किया। प्रियंका के साथ इस दौरान उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू, पूर्व सांसद राजेश मिश्रा‚ पूर्व विधायक अजय राय‚ महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे‚ मणींद्र मिश्रा, अरूणेश सिंह, विकास राज, राज मंगल शुक्ला समेत कई नेता मौजूद रहे। प्रियंका पिछले साल भी रविदास जयंति पर यहां आईं थीं।