प्रियंका गांधी मौनी अमावास्या पर प्रयागराज पहुँचीं, संगम में लगाई आस्था की डुबकी

प्रियंका गांधी ने संगम पर पवित्र गंगा में डुबकी लगाने से पहले आनंद भवन जाकर पंडित नेहरू को श्रद्धांजलि दी, अनाथ बच्चों के साथ वक़्त भी गुज़ारा, वे आज शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती से आशीर्वाद भी लिया

Updated: Feb 11, 2021, 11:07 AM IST

Photo Courtesy: Twitter/ Ajay Kumar Lallu
Photo Courtesy: Twitter/ Ajay Kumar Lallu

प्रयागराज। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने आज मौनी अमावास्या के मौक़े पर प्रयागराज पहुंचकर संगम में डुबकी लगाई। गंगास्नान के बाद प्रियंका ने शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती का आशीर्वाद भी लिया। प्रियंका कई और साधु-संतों से भी मुलाक़ात करेंगी। बताया जा रहा है कि इसके अलावा आज वे मनकामेश्वर मंदिर भी जाएंगी। मनकामेश्वर मंदिर में प्रियंका भगवान शिव के पूजन व आरती में भी शामिल हो सकती हैं। 

इससे पहले प्रयागराज पहुंचने के बाद प्रियंका आनंद भवन गईं, जहां उन्होंने देश के पहले प्रधानमंत्री और अपने परदादा पंडित जवाहरलाल नेहरू को श्रद्धांजलि दी। पंडित नेहरू के निधन के बाद उनकी अस्थियां विसर्जन से पहले उनके पारिवारिक निवास रहे आनंद भवन में रखी गई थीं। प्रियंका ने उसी जगह पर पुष्पांजलि अर्पित करके उन्हें श्रद्धांजलि दी।

पंडित नेहरू को श्रद्धांजलि देने के बाद प्रियंका गांधी ने आनंद भवन में मौजूद अनाथालय के बच्चों के साथ भी वक्त गुज़ारा। बताया जा रहा है कि प्रियंका आनंद भवन में ट्रस्ट के कुछ काम भी निपटाएँगी। इस दौरान कुछ वरिष्ठ कांग्रेसी नेता उनसे मुलाकात भी कर सकते हैं। 

मीडिया में आई खबरों के मुताबिक पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा है कि प्रियंका को संगम स्नान के लिए कोई वीआईपी ट्रीटमेंट नहीं दिया गया। उन्होंने आम लोगों की तरह ही स्नान किया।

संगम स्नान के बाद वे मनकामेश्वर मंदिर परिसर में द्वारकाशारदा पीठ के शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती से आशीर्वाद लेने पहुंची। मंदिर परिसर में भगवान का पूजन, आरती व भंडारा होगा। इसमें भी वो शामिल हो सकती हैं। प्रियंका शाम को बमरौली एयरपोर्ट से वापसी करेंगी।

कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी करीब दो साल बाद प्रयागराज आ रही हैं। वर्ष 2019 में दो बार प्रियंका का प्रयागराज आना हुआ था। 17 मार्च 2019 को प्रियंका ने प्रयागराज से जल यात्रा निकाली थी। संगम में हनुमान मंदिर में मत्था टेकने के बाद वह सड़क मार्ग से छतनाग होते हुए दुमदुमा घाट गई थीं। दुमदुमा घाट, कौडिहार तक गंगा के रास्ते स्टीमर से गई थी। उन्होंने पुलवामा में शहीद महेशराज यादव के परिजनों से मुलाकात भी की थी। इसके बाद वह गंगा के रास्ते कौड़िहार से सीतामढ़ी तक स्टीमर से गई थीं। इस दौरान प्रियंका ने युवाओं से मुलाकात भी की थी और संवाद में भी शिरकत की थी। एक गोष्ठी में भी प्रियंका शामिल हुई थी। इसके बाद 29 अप्रैल 2019 को प्रियंका का एक और प्रयागराज दौरा हुआ था। लोकसभा चुनाव के ठीक पहले अचानक बिना किसी पूर्व सूचना के प्रियंका कुछ बच्चों के साथ प्रयागराज आ गई थीं। यहां उन्होंने बच्चों को आनंद भवन के बारे में बताया और शाम को अमेठी रवाना हो गईं।