राजस्थान में सियासी घटनाक्रम तेज, तीन मंत्रियों ने दिया इस्तीफा, नई कैबिनेट की अटकलें 

राजस्थान पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा ने गहलोत कैबिनेट से दिया इस्तीफा, गुजरात प्रभारी डॉ रघु शर्मा और पंजाब प्रभारी हरीश चौधरी ने भी छोड़ा पद, अब संगठन को मजबूत करने के किए करेंगे मेहनत

Updated: Nov 20, 2021, 06:45 AM IST

Photo courtesy: DNA India
Photo courtesy: DNA India

जयपुर। राजस्थान में सियासी सरगर्मियां तेज हो गई है। प्रदेश के तीन मंत्रियों ने अचानक गहलोत कैबिनेट से इस्तीफा दे दिया है। खास बात ये है कि मंत्रियों ने अपने इस्तीफे कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को पत्र के माध्यम से सौंपे है। इसी बीच अब यह कयास लगाए जा रहे हैं कि गहलोत कैबिनेट से सभी मंत्रियों का इस्तीफा लिया जाएगा और नए मंत्रिमंडल का गठन होगा

राजस्थान कांग्रेस के प्रभारी अजय माकन शनिवार को जयपुर पहुंचे। यहां उन्होंने एयरपोर्ट पर ही मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा से बातचीत की। इस दौरान पत्रकारों को संबोधित करते हुए माकन ने कहा कि, 'हमें खुशी हो रही है कि हमारे राजस्थान मंत्रिमंडल के तीन होनहार मंत्रियों ने सोनिया गांधी को पत्र लिखकर मंत्री पद छोड़ने की पेशकश की है। उन्होंने पार्टी के लिए काम करने की इच्छा व्यक्त की है। कांग्रेस पार्टी उनका सम्मान करती है। हमें खुशी है कि ऐसे होनहार लोग हैं जो पार्टी के लिए काम करना चाहते हैं।'

यह भी पढ़ें: दुनियाभर में भारतीय किसानों के संघर्ष की चर्चा, देखें वर्ल्ड मीडिया द्वारा किसानों के सत्याग्रह का कवरेज

रिपोर्ट्स के मुताबिक आज सचिन पायलट भी दिल्ली से जयपुर पहुंचेंगे। कैबिनेट विस्तार के लिए मंत्रियों के नाम तय करने को लेकर पायलट की माकन से मुलाकात होगी। अजय माकन सीएम गहलोत से एक बार फिर मंत्रियों के नाम पर चर्चा करेंगे। माना जा रहा है कि शाम तक कैबिनेट पर स्थिति स्पष्ट हो सकती है और कल या परसो तक नए मंत्रियों का शपथग्रहण होगा। बता दें कि आज शाम गहलोत कैबिनेट की बैठक भी होनी है।

कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में इस बात के भी कयास लगाए गए हैं कि कैबिनेट बैठक के बाद एक साथ सभी मंत्रियों का इस्तीफा ले लिया जाएगा। इसके बाद नए नामों के साथ पूरी नई कैबिनेट बनाई जाएगी। नए कैबिनेट में पायलट गुट के विधायकों को विशेष तवज्जो दिया जाएगा। हालांकि, इस बारे में फिलहाल कोई पुष्ट जानकारी नहीं है। उधर कांग्रेस विधायकों का जयपुर पहुंचने का सिलसिला जारी है।