आरएलडी अध्यक्ष चौधरी अजित सिंह का निधन, कोरोना से थे संक्रमित

आरएलडी अध्यक्ष 20 अप्रैल को हुए थे कोरोना से संक्रमित, फेफड़े में इन्फेक्शन होने के कारण उनकी मौत हो गई

Updated: May 05, 2021, 11:40 PM IST

Photo Courtesy: Amar Ujala
Photo Courtesy: Amar Ujala

गुरुग्राम। राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष चौधरी अजित सिंह का निधन हो गया है। चौधरी अजित सिंह कोरोना से संक्रमित थे। गुरुवार सुबह उन्होंने गुरुग्राम के एक निजी अस्पताल में अंतिम सांस ली। मंगलवार रात तबीयत ज़्यादा बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया था। 

चौधरी अजित सिंह के निधन के बाद राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आरएलडी सुप्रीमो के निधन पर शोक व्यक्त किया है। राजनाथ सिंह ने चौधरी अजित सिंह के निधन पर कहा है, 'चौधरी अजीत सिंह के निधन का समाचार बेहद पीड़ादायक हैं। अपने लम्बे सार्वजनिक जीवन में वे हमेशा जनता और ज़मीन से जुड़े रहे। साथ ही किसानों, मज़दूरों एवं अन्य निर्बल वर्गों के हितों के लिए संघर्ष भी करते रहे। उनके शोकाकुल परिवार और समर्थकों के प्रति मेरी संवेदनाएँ।ॐ शान्ति!' 

चौधरी अजित सिंह 20 अप्रैल को कोरोना से संक्रमित पाए गए थे। इसके बाद से ही  उनकी तबीयत बिगड़ती जा रही थी। मंगलवार देर रात से उनकी तबीयत ज़्यादा बिगड़ने लगी। बताया जा रहा है कि उनके फेफड़े में इन्फेक्शन काफी बढ़ गया था, तमाम कोशिशों के बाद भी उन्हें बचाना नामुमकिन हो गया। 

चौधरी अजित सिंह पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह के बेटे थे। चौधरी अजित सिंह की गिनती देश के सबसे बड़े किसान नेताओं में होती थी। चौधरी अजित सिंह उत्तर प्रदेश के बागपत से सात बार सांसद रहे थे। इसके साथ ही चौधरी अजित सिंह केन्द्रीय मंत्री भी रहे थे। 82 साल की उम्र में उन्होंने आखिरी सांस ली।