रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन आज भारत आएंगे, भारत-रूस शिखर सम्मेलन में होंगे शामिल

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन आज भारत आ रहे हैं, पुतिन दिल्ली स्थित हैदराबाद हाउस प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात करेंगे, देर रात 9.30 बजे जाएंगे वापस

Updated: Dec 06, 2021, 04:57 AM IST

नई दिल्ली। रूस के राष्ट्रपति आज भारत दौरे पर आ रहे हैं। यहां वे भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन का हिस्सा बनेंगे। राजधानी दिल्ली स्थित हैदराबाद हाउस में प्रधानमंत्री मोदी राष्ट्रपति पुतिन का मेजबानी करेंगे। दोनों शीर्ष नेताओं के इस मुलाकात को द्विपक्षीय रिश्तों के लिए काफी अहम माना जा रहा है। 

रिपोर्ट्स के मुताबिक रूसी राष्ट्रपति पुतिन आज दोपहर करीब दो बजे दिल्ली पहुंचेंगे और सिर्फ 7-8 घण्टे के लिए भारत में होंगे। इस दौरान दोनों मुल्कों के बीच कई स्तर पर बातचीत होगी। बताया जा रहा है कि पहले दोनों देशों के विदेश और रक्षा मंत्रियों के बीच टू प्लस टू वार्ता होगी।  इसके बाद शाम करीब 5.30 बजे हैदराबाद हाउस में प्रधानमंत्री मोदी राष्ट्रपति पुतिन का मेजबानी करेंगे। 

यह भी पढ़ें: संसद में संविधान के साथ छेड़छाड़ का प्रयास नाकाम, प्रस्तावना से समाजवाद शब्द को हटाना चाहती थी बीजेपी

हैदराबाद हाउस में दोनों नेता 21वें भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन में शामिल होंगे। माना जा रहा है कि सुरक्षा कारणों की वजह से राष्ट्रपति पुतिन के भारत पहुंचने के समय का औपचारिक ऐलान नहीं किया गया है। रात्रि में तकरीबन 9.30 बजे पुतीन वापस रूस के लिए रवाना होंगे। Omicron वेरिएंट का खतरा देखते हुए इस दौरे को छोटा रखा गया है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक पुतिन पीएम मोदी को एस-400 एयर डिफेंस सिस्टम का मॉडल गिफ्ट करेंगे। इस दौरान 7.5 लाख एके-203 असॉल्ट राइफल का भारत में उत्पादन के लिए समझौते पर हस्ताक्षर होगी। रूस और भारत के संबंधों में हथियार सौदों की शुरू से बड़ी अहमियत है। इसके बाद पीएम मोदी और पुतिन के बीच अनौपचारिक बातचीत का भी एक सत्र होगा। 

यह भी पढ़ें: लोकतंत्र पर कसता राज्य का शिकंजा और संवैधानिक मूल्यों का पतन

पुतिन के भारत दौरे से उम्मीद की जा रही है भारत और रूस के बीच दोस्ती का नया अध्याय शुरू होने वाला है। हालांकि, दोनों देश दशकों से मित्र रहे हैं, लेकिन बीते कुछ समय से दोनों देशों के बीच तल्खियां की खबरें आ रही थी। बता दें कि कोरोना के बाद पीएम मोदी और राष्ट्रपति पुतिन की मुलाकात नहीं हुई है। इसके पहले दोनों नेता नवंबर 2019 में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान मिले थे।