शरद पवार: महाराष्ट्र के राज्यपाल के पास कंगना से मिलने का समय है लेकिन किसानों से मिलने का नहीं

किसान रैली में गरजे शरद पवार, कहा राज्यपाल के पास किसानों से मिलना का समय नहीं है, लेकिन उनके पास कंगना रनौत से मिलने का समय है

Updated: Jan 25, 2021, 12:12 PM IST

Photo Courtesy: Twitter
Photo Courtesy: Twitter

मुंबई। मुंबई के आज़ाद मैदान में किसानों की रैली को संबोधित करते हुए शरद पवार ने केंद्र सरकार और विशेषकर राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी पर जमकर हमला बोला। पूर्व केंद्रीय कृषि मंत्री ने भगत सिंह कोश्यारी पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्यपाल के पास कंगना से मिलने का समय तो है लेकिन किसानों से मिलने का नहीं है। 

महाराष्ट्र ने ऐसा राज्यपाल कभी नहीं देखा : पवार 

महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री शरद पवार ने राज्यपाल पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि अब तक महाराष्ट्र ने ऐसा राज्यपाल कभी नहीं देखा था। शरद पवार ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा, आप राजभवन में गवर्नर से मिलने जा रहे हैं। महाराष्ट्र ने ऐसा राज्यपाल कभी नहीं देखा। गवर्नर के पास कंगना से मिलने का समय तो है लेकिन किसानों से मिलने का समय राज्यपाल के पास नहीं है। पवार ने कहा कि आप लोगों से यहां आकर मिलना गवर्नर की नैतिक ज़िम्मेदारी थी, लेकिन वे नहीं आई। 

पीएम के पास किसानों के लिए वक्त नहीं: शरद पवार 

राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी के अलावा शरद पवार ने किसानों के प्रति प्रधानमंत्री मोदी के रवैए पर भी सवाल उठाया। शरद पवार ने प्रधानमंत्री मोदी की आलोचना करते हुए कहा कि पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के किसान भरी ठंड में पिछले 60 दिनों से आंदोलनरत हैं। क्या प्रधानमंत्री ने उनके बारे में एक बार भी पूछा? क्या ये किसान पाकिस्तान के नागरिक हैं? 

दरअसल आज मुंबई के आज़ाद मैदान में कृषि कानूनों के विरुद्ध और आंदोलन कर रहे किसानों के समर्थन में रैली आयोजित की गई थी। इसमें हिस्सा लेने के लिए महाराष्ट्र के अलग अलग हिस्सों से हज़ारों की संख्या में किसान मुंबई पहुंचे थे। किसानों का उत्साह बढ़ाने के लिए खुद एनसीपी प्रमुख शरद पवार पहुंचने थे। शरद पवार के अलावा आदित्य ठाकरे और महाराष्ट्र कांग्रेस के अध्यक्ष बालासाहब थोराट पहुंचे थे।