50 खोके एकदम ओके के नारों से बिफरा शिंदे गुट, महाराष्ट्र विधानसभा के बाहर विधायकों में हुई भिडंत

बुधवार को महाराष्ट्र विधानसभा में उद्धव गुट और शिंदे गुट के विधायक आपस में भिड़ गए। दोनों गुटों ने एक-दूसरे के साथ धक्का-मुक्की भी की।

Updated: Aug 24, 2022, 08:03 AM IST

मुंबई। महाराष्ट्र में जब से नई सरकार का गठन हुआ है, तभी से सत्ता पक्ष और विपक्ष में तकरार की घटना सामने आ रही है। विधान सभा परिसर में बुधवार को मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे गुट के विधायकों और विपक्ष के विधायकों के बीच झड़प हो गई। इस दौरान दोनों ओर से जोरदार तरीके से नारेबाजी भी की गई। विपक्ष के नारेबाजी को लेकर शिंदे गुट और भाजपा विधायक भड़क गए थे। इसके बाद से दोनों ओर से जोरदार नारेबाजी की गई और वे आपस में धक्का मुक्की भी करने लगे।

उद्धव गुट के विधायकों ने शिंदे गुट के लिए '50 खोके... एकदम ओके' का नारा लगाया। इस नारे की आड़ में शिंदे गुट पर 50 करोड़ लेकर बिक जाने का आरोप लगाया गया। उधर बढ़ती महंगाई और किसानों के मुद्दे उठाने और सरकार से जवाब मांगने के लिए NCP विधायक गाजर लेकर पहुंचे। गाजर को लेकर भी दोनों गुटों के बीच छीनाझपटी शुरू हो गई। दोनों दलों के वरिष्ठ नेताओं ने आगे आकर विधायकों को शांत कराया। इसके बाद ही सदन की कार्रवाई शुरू हो पाई।

यह भी पढ़ें: बिहार में फ्लोर टेस्ट से पहले चार नेताओं के घर CBI का छापा, RJD ने बताया बदले की कार्रवाई

बताया जा रहा है कि जब विरोध प्रदर्शन हो रहा था तब आदित्य ठाकरे, अजित पवार, बालासाहब थोराट भी नारेबाजी कर रहे थे। इसी दौरान शिंदे ग्रुप के विधायक दिलीप लांडे और एनसीपी विधायक अमोल मिटकरी एक दूसरे से भिड़ गए। जिसके बाद से दोनों ओर से जबरदस्त तरीके से नारेबाजी शुरू हो गई। 

बता दें कि मानसून सत्र के पहले चार दिनों के दौरान महाविकास अघाड़ी के विधायकों ने विधानमंडल की सीढ़ियों पर अपनी नारेबाजी से सबका ध्यान खींचा था। महाविकास अघाड़ी ने 'आला रे आला, गद्दार आला', '50 खोखे एकदम ओके', 'गदरानान बीजेपी ची तत्त्वी, चलो चले गुवाहाटी' जैसे नारों से शिंदे समूह और भाजपा को परेशान कर दिया था। इससे सत्ता पक्ष के विधायक दुविधा में थे। सत्र के पांचवें दिन बीजेपी-शिंदे गुट ने अपनी रणनीति बदल ली है।

महाविकास अघाड़ी के विधायकों की तरह भाजपा विधायक बुधवार को भी विधानमंडल की सीढ़ियों पर बैठ गए। इन विधायकों ने महाविकास अघाड़ी के '50 खोके-ओक्के' का करारा जवाब दिया। भाजपा के इन विधायकों ने बैनर लगाए। इस मौके पर बीजेपी और शिंदे समूह के विधायकों ने भी कई नारे लगा। "बीएमसी के बक्से, मातोश्री के ओके", "स्थायी समिति के बक्से, मातोश्री के ओके", "सचिन वाज़े के बक्से, मातोश्री के ओके" जैसे नारों ने मीडिया का ध्यान खींचा।