मार्गदर्शक मंडल की उम्र पार कर गया, रुपए की वैल्यू में गिरावट पर सुरजेवाला का तंज

कांग्रेस महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा, 'अब रुपया मार्गदर्शक मंडल की उम्र को पार कर गया है। आगे यह और कितना गिरेगा। कब तक सरकार की विश्वसनीयता और कितनी गिरेगी। वाह मोदी जी।'

Updated: Jul 15, 2022, 03:46 AM IST

नई दिल्ली। अमेरिकी डॉलर के मुकाबले गुरुवार को रुपया 80 रुपये के आंकड़े को पार कर गया था। इसे लेकर कांग्रेस ने केंद्र को भाजपा सरकर पर तंज कसा है। पार्टी का कहना है कि रुपया 'मार्गदर्शक मंडल' की उम्र को भी पार कर गया है। राहुल गांधी ने भी इसे 'अमृतकाल' कहकर सरकार पर निशाना साधा है।

कांग्रेस महासचिव रणदीप सुरजेवाला ने ट्वीट किया, 'अब रुपया मार्गदर्शक मंडल की उम्र को भी पार कर गया है। आगे यह और कितना गिरेगा। कब तक सरकार की विश्वसनीयता और कितनी गिरेगी। वाह मोदी जी।' बता दें कि मार्गदर्शक मंडल एक समूह का नाम है, जिसमें भाजपा के उम्रदराज नेताओं को शामिल किया जाता है। 

राहुल गांधी ने डॉलर के मुकाबले रुपये के मूल्य में गिरावट को लेकर गुरुवार को सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि रुपये का 80 पर पहुंचना 'अमृतकाल' है। उन्होंने ट्वीट किया, ''रुपया 40 पर: 'स्फूर्तिदायक', 50 पर : 'भारत संकट में', 70 पर: आत्मनिर्भर, 80 पर : अमृतकाल।''

बता दें कि अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले रुपया 80 प्रति डॉलर के ऐतिहासिक निचले स्तर के पास पहुंच गया है। इंटर बैंक फॉरेन एक्सचेंज में गुरुवार को रुपया 18 पैसे से कुछ अधिक की गिरावट के साथ 79.9975 प्रति डॉलर के अपने ऐतिहासिक निचले स्तर पर आ गया। विदेशी बाजारों में डॉलर में मजबूती से रुपये की धारणा प्रभावित हुई।