सोशल मीडिया पर प्यार, फिर शादी और दो महीने बाद ही पत्नी को बेचकर खरीदा महंगा स्मार्टफोन

ओडीशा के 17 वर्षीय लड़के ने सोशल मीडिया के जरिए 26 वर्षीय युवती को प्यार के जाल में फंसाया, पारंपरिक तरीके से शादी की और फिर 1.8 लाख का मोबाइल ख़रीदने के लिए कर दिया पत्नी का सौदा

Updated: Oct 23, 2021, 10:13 AM IST

Representative Image
Representative Image

भुवनेश्वर। ओडिशा से एक हैरान करने वाली खबर आई है, जहां एक पति ने अपनी पत्नी को बेचकर स्मार्टफोन खरीद लिया। बताया जा रहा है कि दो महीने पहले ही दोनों का प्रेम विवाह हुआ था। लेकिन महंगे फोन पाने के लालच में पति ने 1 लाख 80 हजार रुपए लेकर पत्नी का सौदा एक अधेड़ उम्र के आदमी से कर दिया।

रिपोर्ट्स के मुताबिक मामला बोलांगीर जिले के बेलपाड़ा थाना एरिया का है। बेलपाड़ा थाना प्रभारी बुलु मुंडा के मुताबिक एक 17 वर्षीय नाबालिग लड़का सोशल मीडिया के जरिए 24 साल की लड़की के संपर्क में आया। बातचीत करते-करते वे एक दूसरे से प्यार करने लगे। इसके बाद दोनों ने अपने घरवालों को राजी कर इसी साल जुलाई महीने में पारंपरिक तरीके से विवाह भी कर लिया और साथ रहने लगे।

यह भी पढ़ें: अब आग लगाना भी हुआ महंगा, 14 साल बाद बढ़े माचिस के दाम, सोशल मीडिया यूजर्स ने दी मजेदार प्रतिक्रिया

थोड़े ही दिन बाद लड़का आर्थिक समस्याओं का हवाला देते हुए काम की तलाश में पत्नी को लेकर घर से निकल गया। दोनों दंपत्ति रायपुर और झांसी होते हुए राजस्थान पहुंच गए। यहां वे एक ईंट भट्ठे में काम करने लगे। यहां लड़का बारां जिले के एक 55 वर्षीय बुजुर्ग के संपर्क में आया। बुजुर्ग ने उसे पत्नी के बदले लाखों रुपए देने का लालच दिए। रुपयों की लालच में पति ने रिश्तों को शर्मसार करते हुए अपनी पत्नी को बेच दिया।

पत्नी को बेचकर लड़के ने खरीददार से 1 लाख 80 हजार रुपए लिया। इसके बाद लड़का रुपए लेकर अपना शौक पूरा करने के लिए निकल पड़ा। सबसे पहले उसने महंगा स्मार्टफोन खरीदा और फिर महंगे रेस्टोरेंट में खाना-खाने में खूब पैसा उड़ाया। रुपए खत्म होने के बाद लड़का अपने घर पहुंचा और सभी को बताया कि उसकी पत्नी उसे धोखा देकर किसी अन्य व्यक्ति के साथ भाग गई।

युवती के परिजनों को इस कहानी पर भरोसा नहीं हुआ और उन्होंने थाने जाकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने लड़के का कॉल डिटेल चेक किया तो गड़बड़ी की आशंका हुई। बोलांगीर एसपी नितिन कुसालकर के मुताबिक उन्होंने जब सख्ती से पूछताछ की लड़के ने बताया कि उसने अपनी पत्नी को बेच दिया है।

यह भी पढ़ें: सत्यपाल मलिक का खुलासा, कश्मीर में 300 करोड़ रिश्वत का था ऑफर, पीएम मोदी को भी थी जानकारी

ओडिशा पुलिस की टीम इसके बाद राजस्थान के बारां गांव पहुंची जहां युवती अधेड़ उम्र के खरीददार के साथ रह रही थी। यहां गांव वालों को जब पता चला कि पुलिस लड़की का रेस्क्यू करने आई है तो वे विरोध करने लगे। गांव वालों ने सड़कों को जाम कर दिया। उनका कहना था कि उन्होंने लड़की के बदले पैसे दे दिए हैं, इसलिए अब उसे वापस नहीं देंगे। हालांकि, बाद में स्थानीय पुलिस के सहयोग से लड़की को गांव से बाहर थाने लाया गया।

ओडिशा और राजस्थान पुलिस ने लड़की से पूछा कि वह कहां रहना चाहती है तो उसने कहा कि वह अपने मां-बाप के पास जाना चाहती है। इसके बाद पुलिस उसे घर लेकर गई। वहीं आरोपी पति के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर उसे किशोर न्यायालय में पेश किया। चूंकि आरोपी पति नाबालिग है इसलिए उसे अभी सुधार गृह भेज दिया गया है।